1. रामानुजनगर। मंगलवार का दिन प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए राजनैतिक गर्माहट वाला दिन रहा। एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा रामानुजनगर में पहुंचा था। तो वहीं टिकट के जद्दोजहद के लिए कांग्रेस पार्टी के पर्यवेक्षक कांग्रेस कार्यकर्ताओं का फीडबैक लेने यहां पहुंचे। जहां देर रात तक विश्रामगृह में दावेदारों व उनके समर्थकों के बीच शक्ति प्रदर्शन का दौर चला। हालांकि पर्यवेक्षक चंदन यादव कार्यकर्ताओं की मंशा जानकर चले गए। इसके बाद राजनैतिक हलकों में अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
    पहले भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा यात्रा यहां पहुंची जहां सामुदायिक भवन परिसर में एक विशाल व सफल आमसभा हुई और हजारों की संख्या में उपस्थित जनसमूह को यात्रा का नेतृत्व कर रहे नेताप्रतिपक्ष नारायण चंदेल व पूर्व मंत्री रामविचार नेताम ने भूपेश बघेल सरकार की खूब लानत मलानत की तथा उसे भय भूख व भ्रष्टाचार की सरकार निरूपित कर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की हुंकार भरी तथा भूपेश बघेल सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताया। जैसे ही भाजपा की सभा समाप्त हुई तो इधर कांग्रेस पार्टी के नेता व टिकट के दावेदार अपने अपने समर्थकों के साथ बिश्रामगृह पहुंचने लगे। जहां कांग्रेस पार्टी के पर्यवेक्षक चंदन यादव के समक्ष जोरदार शक्ति प्रदर्शन हुआ। पर्यवेक्षक चंदन यादव ने देर रात तक पार्टी कार्यकर्ताओं से टिकट के लिए उनकी मंशा जानी। सूत्रों के मुताबिक विधायक खेलसाय सिंह के साथ ज्यादातर लोग दिखाई दिए तो वहीं अन्य दावेदारों में जिला पंचायत सदस्य शशि सिंह, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेंद्र साहू व अजजा आयोग के अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह तथा एक अन्य दावेदार विमलेश दत्त तिवारी के समर्थकों को मिलाकर कांग्रेस पार्टी का एक बड़ा तबका विधायक खेलसाय सिंह के विरोध में भी खड़ा दिखाई दिया है। ऐसे में अंदर बंद कमरे में बुलाकर काफी संख्या में कार्यकर्ताओं से एक एक कर टिकट के लिए पूछताछ हुई और यह शिलशिला देर रात तक चलता रहा। फैसला किसके पक्ष में जाएगा यह तो समय बताएगा मगर अब सभी दावेदारों के समर्थक अपने अपने नेताओं की टिकट पक्की मानकर चल रहे हैं। वैसे सर्वाधिक चर्चा युवा नेत्री शशि सिंह की हो रही है।

Categorized in: