नए संसद भवन की शुरुआत महिला आरक्षण विधेयक जैसे ऐतिहासिक कदम से हुई है। लोकसभा में इस विधेयक को पेश किया गया और पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि इसका नाम ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ रखा गया है। उनके बाद लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी बोलने खड़े हुए तो उन्होंने दावा कर दिया कि यह बिल राजीव गांधी के दौर में एक बार लोकसभा में पारित हो चुका था। फिर राज्यसभा में अटक गया। यही नहीं उन्होंने कहा कि यह अब भी लोकसभा में जीवित है और 2008 में यूपीए सरकार ने इस बिल को पेश किया था। इसी बात पर हंगामा हो गया और सत्ता पक्ष के सांसद इस पर ऐतराज जताने लगे।

इस पर अधीर रंजन चौधरी ने पीएम मोदी से कहा कि आपने कहा था कि सदन में किसका क्या विचार है, यह उसके व्यवहार से पता चलेगा। आप ही देखिए इन लोगों को। ये लोग आपकी बात का भी सम्मान नहीं कर रहे हैं। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यह बर्ताव तो सीधे तौर पर पीएम का अपमान है। दरअसल प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा था कि अब नए सदन में आ गए हैं तो हमें अपने पुराने तौर-तरीकों और बर्ताव को भी बदलना होगा। पीएम मोदी ने कहा था कि हमारा व्यवहार ही बताएगा, हमारे विचार क्या हैं। इसी का जिक्र करते हुए अधीर रंजन चौधरी ने भाजपा सांसदों पर ही तंज कस दिया।

बता दें कि नए संसद भवन पहुंचने पर राज्यसभा के चेयरमैन जगदीप धनखड़, लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला, पीएम नरेंद्र मोदी, राज्यसभा में नेता सदन पीयूष गोयल, संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने संबोधित किया। विपक्ष की ओर से राज्यसभा में नेता मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी ने संबोधित किया। इस दौरान अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यह भवन सिर्फ ईंटों से बना सदन नहीं है बल्कि लोकतंत्र का मंदिर है। हम सभी की संविधान में किसी भी ग्रंथ से ज्यादा आस्था है और यह उसके पालन का केंद्र है।

जब सीटों पर लगी स्क्रीन नहीं ऑन कर पाए कई सांसद

महिला आरक्षण विधेयक पेश होने के दौरान एक और दिलचस्प नजारा देखने को मिला। नई संसद में सभी सदस्यों की सीट पर डिजिटल स्क्रीन लगी है और वहीं पर संबंधित विधेयक, नियमावली, कामकाज की डिटेल देखी जा सकती हैं। लेकिन कई सांसद स्क्रीन को ऑन नहीं कर पाए। वे बिल की कॉपी की मांग करने लगे। इस पर मंत्री ने कहा कि अब नई तकनीक है और आप लोग उसे सीखिए। आपकी स्क्रीन पर ही बिल की कॉपी उपलब्ध है। उसे अपलोड कर दिया गया है।

Categorized in: