Delhi Services Bill : दिल्ली सेवा बिल राज्यसभा से भी पास हो गया है. इस पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इन लोगों ने देखा कि आम आदमी पार्टी को दिल्ली में हराना बहुत मुश्किल है. सीधे-सीधे चार चुनाव बीजेपी आम आदमी पार्टी से हारी है. जब इन्हें लगा कि आम आदमी पार्टी को हराना मुश्किल है तो चोर दरवाजे से इन्होंने ऐसा किया. पीएम नरेंद्र मोदी को अहंकार हो गया. सीएम ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी सुप्रीम कोर्ट का आदेश नहीं मानते. जनता ने साफ कहा था कि केंद्र दिल्ली में दखल न दे, लेकिन पीएम जनता की बात नहीं सुनना चाहते.

सीएम केजरीवाल ने गृहमंत्री अमित शाह पर भी साधा निशाना

सीएम केजरीवाल ने कहा कि संसद में अमित शाह ने कहा कि हमारे पास कानून पारित करने की शक्ति है. आपको लोगों के लिए काम करने की शक्ति दी गई है, उनके अधिकार छीनने की नहीं.

‘मैं जो भी करता हूं दिल्ली की जनता समर्थन करती है’

 

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “मैं जो भी करता हूं दिल्ली की जनता उसमें मेरा समर्थन करती है और उन्होंने मुझे चुनाव में जीत दिलाकर अपना समर्थन दिखाया है. बीजेपी सिर्फ हमारे अच्छे काम को रोकने की कोशिश कर रही है. वे विकास कार्य में बाधा डाल रहे हैं. वे मुझे काम करने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं. इस बार जनता उन्हें कोई भी सीट नहीं जीतने देगी.”

बिल के पक्ष और विरोध में कितनी वोटिंग?

जोरदार बहस के बाद ये बिल राज्यसभा में पास हो गया. इस बिल के पक्ष में 131 वोट पड़े. वहीं, विरोध में 102 वोट पड़े. सरकार को अनुमान से जितने वोट मिलने थे उससे दो वोट ज्यादा उसके पक्ष में पड़े हैं.

अमित शाह क्या बोले?

बिल का जवाब देते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में कहा कि दिल्ली भ्रष्टाचार मुक्त करना चाहते हैं. बिल का एक भी प्रावधान गलत नहीं है. दिल्ली सीमित अधिकारों वाला प्रदेश है. दिल्ली कई मायनों में दूसरे प्रदेशों से अलग हैं. सुप्रीम कोर्ट के किसी फैसले का उल्लंघन नहीं है. दिल्ली की व्यवस्था ठीक करने के लिए ये बिल लाया गया है.

Categorized in: