यूपी के बिजनौर में उस समय हंगामा हो गया जब दुल्हन ने फेरों से पहले ही बारात को लौटा दिया। बारात में आए बारातियों ने डीजे पर पहुंचते ही उत्पात मचाना शुरू कर दिया था। यह देखकर दुल्हन के ताऊ और भाई उन्हें समझाने पहुंचे गए थे, लेकिन उत्पातियों ने उल्टा उन पर ही हमला बोल दिया। डीजे पर डांस कर रहे बारातियों ने दुल्हन के ताऊ और उनके भाइयों की पिटाई कर दी, यह सुबह दुल्हन के सामने होता रहा। ताऊ और भाइयों को पिटता देखकर दुल्हन का पारा चढ़ गया और उसने फेरों से पहले बारात को वापस कर दिया। इसके बाद दुल्हन के पिता ने छह बारातियों पर मुकदमा भी दर्ज कराया। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया। एक नामजद आरोपी की तलाश अभी जारी है।

बढ़ापुर थानाक्षेत्र के गांव इनायतपुर में नत्थू सिंह की पुत्री की बारात बुधवार को मंडावली थाना क्षेत्र के गांव शेखुपुरा से आयी थी। चढ़त के बाद बारात में शामिल युवकों ने डीजे पर खूब उत्पात मचाया। दुल्हन के ताऊ हरि सिंह ने उक्त युवको टोका तो उन्होंने हरि सिंह के साथ मारपीट कर दी। दुल्हन के भाई राजवीर सिंह व राजीव कुमार एवं एक अन्य ग्रामीण हरिश्चंद्र वहां बीच बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटना शुरू कर दिया।

आरोप है कि बारातियों ने इन लोगों पर जान से मारने की नियत से तमंचे से फायर भी किया। जानकारी होने पर दुल्हन ने फेरे लेने से साफ इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंचे डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने घायल हरि सिंह, राजवीर सिंह व राजीव कुमार और एक अन्य ग्रामीण हरिश्चंद्र को उपचार के लिए नगीना सीएचसी पहुंचाया। थानाध्यक्ष सुदेशपाल सिंह के अनुसार इस घटना में नामजद आरोपी मंडावली निवासी प्रशांत कुमार, सुमित, प्रिंस, नीटू चौहान सहित पांच को न्यायालय में पेश किया गया है। हालांकि एक नामजद आरोपी हनी शर्मा अभी फरार है।

Categorized in: