क्रय सामग्री व मरम्मत कार्यों को देख असंतोष जाहिर किया

प्रतापपुर। अजजा आयोग छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह मंगलवार की सुबह स्थानीय एकलव्य विद्यालय पहुंचे, यहां उन्होंने भवन के साथ विभिन्न सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। आदिवासी बच्चों के लिए क्रय सामग्री व मरम्मत कार्यों को देखने के बाद उन्होंने असंतोष जाहिर किया और जांच कराने की बात कही। बच्चों से बात करने के साथ वे प्रार्थना सभा में शामिल हुए और कहा कि वे उनसे ही मिलने आए हैं।

मंगलवार की सुबह एकलव्य विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय परिवार ने आयोग के अध्यक्ष का अभिनंदन किया। प्राचार्य व अधीक्षक भूपेश तिवारी ने विद्यालय में संचालित गतिविधियों से अवगत कराया। अजजा आयोग के अध्यक्ष बालक-बालिकाओं के छात्रावास पहुंचे और एक-एक कमरे जाकर कमियों को दुरुस्त करने कहा। रसोई व कमरों में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने अधीक्षक से कहा जो बच्चा पहले आता है उसे पहले कमरा मुहैया कराएं, जो सामान बेकार हो गए हैं और जरूरत के नहीं हैं, उन्हें छात्रावास से हटाने का निर्देश दिया ताकि इनसे कोई बच्चा चोटिल न हो। उन्होंने बच्चों के लिए आई सामग्री को देखने के बाद खरीदी की जानकारी ली और खरीदी गई सामग्री की जांच कराने की बात कही। उन्होंने भवन के अंदर फर्श, टाइल्स की स्थिति देखकर मरम्मत कार्यों पर असंतोष जाहिर किया। भवन के एक हिस्से में बाउंड्री नहीं होने की जानकारी होने पर अधीक्षक ने बताया कि इसके लिए टेंडर नहीं हुआ है और जमीन को लेकर विवाद की स्थिति है। सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने बांस से इसे बंद कराया है। इस पर उन्होंने तहसीलदार समीर शर्मा को जल्द जमीन के सीमांकन के निर्देश दिए। पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर सूरजपुर में समीक्षा बैठक रखी गई थी, वहां जिले के एकलव्य विद्यालयों को लेकर बातें और शिकायतें सामने आईं। किसी शिकायत के सामने आने पर वे स्वयं मौके पर जाकर जांच करते हैं, इसलिए उन्होंने जिले के तीन एकलव्य विद्यालयों का चयन किया है और आज प्रतापपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के बाद वे संतुष्ट नहीं हैं। सामान मानक स्तर के नहीं हैं, रिपेयरिंग और सामान खरीदी में गड़बड़ी हुई है। वे पूरी जानकारी सहायक आयुक्त कार्यालय से लेंगे। सप्लाई और टेंडर की जांच के बाद जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान तहसीलदार समीर शर्मा, रेंजर विनय टंडन, रेंजर संस्कृति बारले, एबीईओ साइमन तिर्की, मंडल संयोजक प्रमोद गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।

वनोपज की समय पर करें खरीदी
अजजा आयोग के अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने गेस्ट हाउस में उपस्थित वन परिक्षेत्र प्रतापपुर व घुई के अधिकारियों से कहा कि कोई भी वनोपज समय पर खरीदी हो, ताकि ग्रामीणों को सही दाम मिल सके। समिति इसमें कोताही न करे, क्योंकि बिचौलिए कम कीमत पर वनोपज ले जाएंगे। खरीदी से फायदा भी कमीशन के रूप में समिति को ही है। उनके सामने यह बात सामने आई थी कि सोनगरा में समिति साल बीज की खरीदी नहीं कर रही है और बिचौलिये कम कीमत में खरीदी कर रहे हैं। उन्होंने डोरी व अन्य वनोपज की जानकारी लेने के बाद अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेट लिस्ट समितियों के बाहर लगाएं, ताकि ग्रामीणों को कोई ठग न सके।

Categorized in: