देश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शुमार ‘एबीपी नेटवर्क’ (ABP Network) से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से मिली इस खबर के अनुसार, एबीपी नेटवर्क ने अपने कई एंप्लॉयीज को पिंक स्लिप पकड़ा दी है। यानी उनसे इस्तीफा ले लिया गया है।

इस कड़ी में ‘एबीपी न्यूज’ (ABP News) के आउटपुट हेड अरुण नौटियाल और पीसीआर हेड सतेंद्र राय का नाम भी शामिल है। दोनों इस संस्थान से काफी लंबे समय से जुड़े हुए थे। अरुण नौटियाल की जगह ‘एबीपी गंगा’ (ABP Ganga) के एडिटर रोहित सावल को ‘एबीपी न्यूज’ का आउटपुट हेड बनाया गया है। इनके अलावा भी 15 से ज्यादा पत्रकारों से इस्तीफा ले लिया गया है जबकि कई को इस्तीफा देने के लिए कहा गया है। हालांकि, इस बारे में अभी किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, इसलिए फिलहाल इस बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। आधिकारिक स्तर पर जानकारी मिलते ही इस खबर को अपडेट किया जाएगा।

आपको बता दें कि हाल ही में नेटवर्क द्वारा अपने दो रीजनल चैनल्स ‘एबीपी गंगा’ (ABP Ganga) और ‘एबीपी साझा’ (ABP Sanjha) के कंटेंट को लीनियर से डिजिटल फॉर्मेट में परिवर्तित करने की घोषणा की गई है। ऐसे में यहां के अधिकांश स्टाफ को समायोजित किया जा रहा है और तमाम लोगों से इस्तीफा लिया जा रहा है।

Categorized in: