मारुति सुजुकी इंडिया के लिए एक कार ऐसी है जिसकी हर महीने जबरदस्त डिमांड बनी हुई है। ये मॉडल ऑल्टो, वैगनआर, स्विफ्ट, बलेनो नहीं बल्कि ईको है। जी हां, इस यूटिलिटी व्हीकल की पिछले महीने 12,818 यूनिट बिकीं। मई 2022 में ये आंकड़ा 10,482 यूनिट का था। ईको के पिछले 6 महीने के सेल्स आंकड़ों की बात करें तो हर महीने इसकी औसतन 11,493 यूनिट बिकी हैं। ईको की डिमांड इतनी ज्यादा है कि इसके सामने मारुति की मोस्ट सेलिंग सेडान डिजायर, 7-सीटर कार अर्टिगा, न्यू लॉन्च फ्रोंक्स और लग्जरी SUV ग्रैंड विटारा भी पीछे है। ईको स्कूल, लोडिंग, हॉस्पिटल के साथ कई कमर्शियल वर्क में इस्तेमाल की जाती है। इसके नए मॉडल का माइलेज भी बेहतर है। अब इसका पेट्रोल वैरिएंट 19.71km/l और CNG 26.78km/kg का माइलेज देता है।

मारुति ईको के फीचर्स और स्पेसिफिकेशंस

मारुति ईको के डायमेंशन की बात करें तो 2022 ईको की लंबाई 3,675mm, चौड़ाई 1,475mm और ऊंचाई 1,825mm है। एम्बुलेंस वर्जन की ऊंचाई 1,930mm है। कंपनी के इसके पुराने G12B पेट्रोल मोटर को नए K सीरीज 1.2-लीटर इंजन से बदल दिया है। नई ईको को 13 वैरिएंट में लॉन्च किया गया है। जिसमें 5-सीटर, 7-सीटर, कार्गो, टूर और एम्बुलेंस बॉडी स्टाइल शामिल हैं।

न्यू ईको पेट्रोल से मैक्सिमम आउटपुट 80.76 PS और 104.5 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करती है। जबकि CNG से घटकर 71.65 PS और 95 Nm का अधिकतम टॉर्क हो जाता है। टूर वैरिएंट के लिए कंपनी का दावा है कि गैसोलीन ट्रिम के लिए 20.2 km/l और CNG के लिए 27.05 km/kg है। वहीं, पैसेंजर ट्रिम के लिए पेट्रोल के लिए माइलेज 19.7 km/l और CNG के लिए 26.78 km/kg तक कम हो जाता है।

कंपनी अब ईको में 11 सेफ्टी फीचर्स दे रही है, जो सेफ्टी से जुड़े सभी मौजूदा और कुछ आने वाले नियमों को पूरा करती है। इनमें रिवर्स पार्किंग सेंसर, इंजन इमोबिलाइजर, दरवाजों के लिए चाइल्ड लॉक, सीट बेल्ट रिमाइंडर, EBD के साथ ABS, डुअल फ्रंट एयरबैग शामिल हैं। ऑटोमोबाइल रिपेयर एंड नॉलेज द्वारा शेयर किए गए वीडियो में नए फीचर्स के बारे में पूरी डिटेल दी गई है।

हालांकि क्रिएचर कम्फर्ट फीचर्स ईको की विशेषता नहीं है, लेकिन इस अपडेट के साथ मारुति ने नई ईको को थोड़ा मॉर्डन बना दिया है। ईको को अब एक नया स्टीयरिंग व्हील और एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। दोनों यूनिट कंपनी ने अपनी एस-प्रेसो और सेलेरियो से ली हैं। पुराने स्लाइडिंग AC कंट्रोल को भी नई रोटरी यूनिट से बदल दिया गया है।

न्यू मारुति ईको की कीमत
न्यू ईको में सबसे अफॉर्डेबल मॉडल टूर का है। टूर वी 5-सीटर स्टैंडर्ड की एक्स-शोरूम कीमत कीमत 5.24 लाख रुपए है। 5-सीटर ईको के AC वैरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 5.60 लाख रुपए है। CNG ट्रिम्स 6.32 रुपए से शुरू होते हैं। ईको कार्गो की कीमत 5.42 लाख रुपए है। ईको एम्बुलेंस की कीमत 6.54 लाख रुपए तक जाती है।

Categorized in: