गूगल (Google) में काम करने वाले कर्मचारियों को लिए कंपनी ने नया फरमान जारी किया है। कंपनी अब उन एम्प्लॉयीज पर लगाम कसने वाली है, जो तय की गई पॉलिसी के अनुसार ऑफिस आकर काम नहीं कर रहे। सीएनबीसी की रिपोर्ट के अनुसार गूगल ने अपनी हाइब्रिड वर्क पॉलिसी को अपडेट किया है। इसमें ऑफिस बैज अटेंडेंस को ट्रैक करने के साथ ही उन कर्मचारियों पर भी नजर रखी जाएगी, जो बुलाए जाने पर ऑफिस नहीं आते। अपडेटेड पॉलिसी में परफॉर्मेंस रिव्यू में ऑफिस अटेंडेंस को भी शामिल करने की बात कही गई है।

गूगल कर्मचारियों को हफ्ते में कम से कम तीन दिन ऑफिस से काम करना होगा। कंपनी की चीफ पीपल ऑफिसर Fiona Cicconi ने एम्पलॉयीज को लिखे मेल में ऑफिस अटेंडेंस को बढ़ाने की बात कही है। उनका मानना है कि सब लोगों के साथ काम करने का कोई दूसरा बेहतर ऑप्शन नहीं है। आइए आपको बताते हैं गूगल के इस इंटरनल मेल की खास बातों के बारे में।

साथ काम करने से आता है पॉजिटिव बदलाव
कंपनी की चीफ पीपल ऑफिसर सिकोनी ने मेल में लिखा, ‘हर कोई मैजिकल हॉलवे कन्वर्सेशन में विश्वास नहीं करता, लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं है कि एक रूम में साथ काम करने से पॉजिटिव बदलाव आता है’। उन्होंने मेल में आगे लिखा कि I/O और गूगल मार्केटिंग लाइव में दिखाए गए प्रोडक्ट्स को साइड बाइ साइड टीम वर्क से कंसीव और डिवेलप किया गया था।

परफॉर्मेंस रिव्यू के लिए हर हफ्ते तीन दिन आना होगा ऑफिस
ईमेल में कहा गया है कि अब परफॉर्मेंस रिव्यू में हफ्ते में तीन दिन ऑफिस से काम करना भी शामिल होगा। साथ ही कंपनी ने यह भी कहा कि जो एम्प्लॉयीज लगातार ऑफिस से गायब रहेंगे उन्हें रिमाइंडर भी भेजने की शुरुआत की जाएगी। गूगल के एचआर हेड ने ईमेल में पहले से वर्क फ्रॉम होम कर रहे कर्मचारियों को उनके फैसले पर फिर से विचार करने को कहा है। मेल में एचआर हेड ने लिखा कि जो रिमोट हैं और जो गूगल ऑफिस के आसपास रहते हैं, उनसे हाइब्रिड वर्क पर स्विच करने की उम्मीद की जा रही है।

एचआर हेड ने एम्प्लॉयीज से कहा कि गूगल ऑफिस में रह कर गूगल कम्यूनिटी से सबसे बेहतर ढंग कनेक्टेड रहा जा सकता है। गूगल के एक अलग इंटरनल डॉक्यूमेंट के अनुसार अगर कंपनी को बिजनस नीड, रोल, टीम, स्ट्रक्चर या लोकेशन में बदलाव की जरूरत लगेगी, तो पहले से अप्रूव किए गए वर्क फ्रॉम होम रिक्वेस्ट्स पर भी फिर से विचार किया जा सकता है।

नौकरी पर भी हो सकता है खतरा
कंपनी ऑफिस अटेंडेंस को बैज डेटा की मदद से समय-समय पर चेक करेगी। इसकी शुरुआत सबसे पहले यूएस से होगी और बाद में इसे दूसरे देशों में स्थित गूगल ऑफिस में भी लागू किया जाएगा। गूगल की इस पॉलिसी को तय समय सीमा के बाद न मानने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कंपनी का एचआर बड़े कदम उठा सकता है। बताते चलें कि कंपनी ने यह भी कहा है कि फुल रिमोट वर्क केवल खास मामलों में ही दिया जाएगा।

Categorized in: