भाजपा मंडलाध्यक्ष का बेटा है गिरफ्तार आरोपी
सूरजपुर । कैबिनेट मंत्रियों के नाम पर वन विभाग के अधिकारी से अवैध वसूली करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार हो गया है। दरअसल बलरामपुर जिले के गेम रेंज कोदोरा में वन परिक्षेत्र अधिकारी को कांग्रेस अध्यक्ष और मंत्री के नाम से फोन पर 50 हजार रुपए मांगे। अधिकारी ने मना किया तो आरोपी उनके घर पहुंच गए और उनके साथ गाली-गलौच करते हुए ईंट से हमला कर दिया। दोनों युवक जिस गाड़ी में पहुंचे थे, उस गाड़ी में भाजपा मंडल अध्यक्ष डौरा जिला बलरामपुर की पट्टी लगी हुई थी। पुलिस ने गाड़ी भी जब्त कर ली। इसकी शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने सोमवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भाजपा मंडलाध्यक्ष का बेटा है। वहीं दूसरा आरोपी फरार है।

 

बता दें कि प्रतापपुर निवासी विरेंद्र पांडेय जो कि बलरामपुर जिले के गेम रेंज कोदोरा में वन परिक्षेत्र अधिकारी के पद पर तैनात हैं, उन्होंने प्रतापपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि रविवार की शाम लगभग छह सात बजे के बीच जब वे अपने घर पहुंचे तो देखा कि बलरामपुर जिला अंतर्गत डौरा निवासी अभिषेक गुप्ता व मेसरी उर्फ उमेश गुप्ता उनके घर से बाहर निकल रहे थे। उन्होंने युवकों से पूछा की आप लोग मेरी अनुपस्थिति में मेरे घर में किस लिए आए थे तो आरोपितों ने कहा कि वे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष मोहन मरकाम के लोग हैं तथा चुनाव में होने वाले खर्च के लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को पैसा देना है इसलिए वन मंत्री मो. अकबर के कहने पर सभी वन परिक्षेत्रों से पैसा इकट्ठा कर रहे हैं। आरोपितों ने आवेदक से कहा कि आप तत्काल पैसे की व्यवस्था करें। युवकों ने कहा कि आप से पहले भी पैसा मांगा गया था पर आप ने अभी तक नहीं दिया है। इस पर गेम रेंजर ने पैसा देने से इंकार कर दिया। इससे दोनों युवक भड़क ग‌ए उन्हें सभी कार्यों की जांच कराने की बात कहते हुए गाली गलौज व जान से मारने की धमकी दी। गेम रेंजर द्वारा गाली गलौज देने मना करने पर युवकों ने आवेदक के ऊपर ईंट से हमला कर दिया। घटना को देखकर जब आस पड़ोस के लोग आरोपितों की ओर दौड़े तो दोनों मौके पर ही अपनी कार छोड़कर भाग खड़े हुए। शिकायत में उक्त वन अधिकारी ने बताया है कि आरोपित इससे पहले भी कई बार उनसे फोन पर पैसे की मांग कर चुके हैं।

इसके बाद पुलिस ने अभिषेक गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं उमेश गुप्ता की तलाश कर रही है। पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला के मुताबिक दोनों आरोपी पहले भी कई बड़े अधिकारियों से उगाही कर चुके हैं।

Categorized in: