लोगों की शिकायत के बाद भी नगर पालिका प्रशासन का नहीं जा पा रहा ध्यान..

मनेंद्रगढ़- नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत खेडिया टॉकीज के समीप झगड़ा खांड रोड में वार्ड क्रमांक 14 में सड़क किनारे मछली विक्रेताओं के द्वारा मछली की दुकान लगा दी गई है साथ ही फल व सब्जी की दुकानें भी अघोषित रूप से लगाई जा रही हैं जिससे आना-जाना करने वाले लोगों को दुर्गंध व गंदगी से सामना करना पड़ रहा है। लोंगो के द्वारा नगर पालिका प्रशासन को शिकायत भी की गई लेकिन इस दिशा में नगर पालिका प्रशासन का कोई ध्यान नहीं जा पा रहा है जिसके कारण मछली विक्रेता निर्भीकता पूर्वक सड़क के किनारे मछली दुकान लगाकर धड़ल्ले से अपना व्यवसाय कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी को लेकर जब से शहर में लॉकडाउन लागू हुआ और उसमें कुछ ढिलाई बरत कर सब्जी दुकान, फल दुकान व मछली मुर्गा की दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई तब से लोग मनमानी तरह से कहीं भी सब्जी की दुकानें लगा लेते हैं मछली की दुकान लगा लेते हैं इसमें किसी तरह का कोई प्रतिबंध जगह को लेकर नहीं लगाया गया है। नगर पालिका क्षेत्र का झगड़ा खांड रोड में बहुतायत लोग आना जाना करते हैं खेडिया टॉकीज के सामने मछली की दुकाने पिछले कई दिनों से लगाई जा रही हैं वही अघोषित रूप से सब्जी व फल की दुकानें भी लग रही हैं। मछली की दुकान लगाने से उसका निकलने वाला कचरा भी वहीं पर फेंक दिया जाता है जिससे उस रोड से आना-जाना करने वाले लोगों को दुर्गंध से सामना करना पड़ता है। बताया जाता है कि मछली दुकान लगाने को लेकर नगर पालिका प्रशासन से शिकायत भी की गई लेकिन इस दिशा में नगर पालिका प्रशासन अपना उदासीन रवैया अपनाकर कोई कार्यवाही करने की जहमत नहीं उठा रहा है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए झगड़ा खांड रोड में सड़क किनारे लगाई जा रही मछली दुकानों को तत्काल हटाने की मांग की है जिससे उक्त रोड में आना-जाना करने वाले लोगों को दुर्गंध से निजात मिल सके साथ ही उक्त रोड में होने वाली भीड़ भाड़ से जो दुर्घटना की आशंका बनी रहती है उससे भी निजात मिल सके।

स्लॉटर हाउस में लगाई जाए दुकान- लोगों का कहना है कि मछली मटन बेचने के लिए नगर पालिका प्रशासन द्वारा नगर पालिका कार्यालय के समीप नई सब्जी मंडी में स्लॉटर हाउस बनाया गया है जहां पर मटन व मछली विक्रेताओं को दुकान भी आवंटित की गई है इसके बावजूद भी मछली व मटन विक्रेताओं के द्वारा स्लॉटर हाउस के बाहर सड़क में मछली व मुर्गे का व्यवसाय किया जा रहा है जबकि स्लॉटर हाउस के अंदर ही मछली मुर्गा मटन बेचने की व्यवस्था नगर पालिका प्रशासन द्वारा की गई है लेकिन मछली विक्रेता सड़क पर ही अपना व्यवसाय कर रहे हैं। वहीं शहर में जेकेडी रोड तथा आमा खेरवा रोड रेस्क्यूऑफिस के सामने बिजली ऑफिस रोड में मछली की दुकान मनमाने ढंग से लगाकर लोगों के द्वारा बेचा जा रहा है जिस पर लोग प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे हैं और नियत स्थान स्लॉटर हाउस में ही मछली मटर बेचने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन को इस दिशा में ध्यान देते हुए कार्यवाही करने की आवश्यकता है।

Categorized in: