पटाखों की गूंज से दिखा दीपावली जैसा नजारा

मनेंद्रगढ़ (एमसीबी) । खाटू धाम राजस्थान से श्याम भक्तों ने श्याम बाबा एवं सालासर बालाजी की छवि के साथ अखंड ज्योति लेकर सोमवार की शाम जैसे ही नगर प्रवेश किए वैसे ही श्याम भक्तों सहित पूरा शहर स्वागत के लिए उमड़ पड़ा । खाटू धाम राजस्थान से लाई गई अखंड ज्योति का स्वागत करने का सिलसिला सिद्ध बाबा धाम सेवा समिति के द्वारा शुरू किया गया उसके पश्चात खेडिया टॉकीज के पास सिंघल परिवार के द्वारा फूल माला अर्पित कर ज्योति का भव्य स्वागत किया गया । शहर के भगत सिंह तिराहे के पास श्याम भक्तों सहित पूरा शहर अखंड ज्योति का दर्शन करने व स्वागत करने हेतु उमड़ पड़ा था बाजे गाजे के साथ ज्योति का श्याम भक्तों के द्वारा नगर भ्रमण कराया गया । इस दौरान पटाखों व आतिशबाजी के गूंज से पूरे शहर में दिवाली जैसा नजारा देखने को मिल रहा था । श्याम भक्त नाचते उल्लास में डूबे हुए थे जगह जगह नगर भ्रमण के दौरान श्याम भक्तों के द्वारा अखंड ज्योति का स्वागत किया गया । उल्लेखनीय है कि सरगुजा संभाग में हारे के सहारे खाटू श्याम बाबा का पांचवा भव्य मंदिर मनेंद्रगढ़ शहर में श्याम भक्तों के अथक प्रयास व सहयोग से बनाया गया है जिसमें राजस्थान खाटू धाम से लाई गई श्याम बाबा की छवि की प्राण प्रतिष्ठा किया जाएगा ।  जिसका पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह भव्य कलश यात्रा के साथ 29 अप्रैल 2023 से प्रारंभ होगा ।  नगर के बहुप्रतीक्षित निर्माणाधीन श्री श्याम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का कार्यक्रम 29 अप्रैल से प्रारंभ होगा । श्री श्याम मित्र मंडल के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 अप्रैल 2023 को भव्य कलश यात्रा के साथ पांच दिवसीय अनुष्ठान का शुभारंभ होगा । सर्वप्रथम 29 अप्रैल 2023 को  प्रातः 8:00 से श्रीराम मंदिर प्रांगण से भव्य कलश यात्रा प्रारंभ होगी जो नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए श्री श्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी । इस दौरान श्री श्याम मंदिर परिसर में पूजा अर्चना व श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा । आयोजन के अगले दिन 30 अप्रैल एवं 1 मई 2023 को श्री श्याम ज्योति पाठ एवं मंगल पाठ का आयोजन श्याम मंदिर परिसर में होगा । इसी कड़ी में 2 मई 2023 को पूजा अर्चना के बाद दोपहर 3 बजे से राजस्थान भवन से निशान यात्रा प्रारंभ होगी जिसका समापन श्री श्याम मंदिर परिसर में होगा । आयोजन के अंतिम दिन प्रमुख कार्यक्रम 3 मई 2023 को दोपहर 12:30 बजे से श्याम मंदिर परिसर में श्री खाटू श्याम बाबा जी, दादी राणी सती जी एवं सालासर बालाजी की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी उसके पश्चात दोपहर 2 बजे से भंडारे का आयोजन होगा तथा रात्रि 8 बजे से बाहर से आए कलाकारों द्वारा सुमधुर आवाज में भजन संध्या का आयोजन होगा। खाटू धाम राजस्थान से श्याम बाबा की छवि व जोत लाई गई है । श्री श्याम मित्र मंडल के सदस्य 19 अप्रैल 2023 को श्री श्याम बाबा जी की छवि – जोत लाने के लिए खाटू धाम राजस्थान रवाना हुए थे जहां पर 22 अप्रैल 2023 को श्री खाटू धाम में श्री श्याम बाबा जी के शीश का श्री श्याम कुंड में स्नान कराकर पूजन कार्यक्रम संपन्न कराने के पश्चात् श्री श्याम बाबा की छवि – जोत लेकर मनेंद्रगढ़ के लिए रवाना हुए । विभिन्न शहरों से होते हुए कटनी उमरिया, शहडोल, बुढार, कोतमा के रास्ते  24 अप्रैल 2023 सोमवार की देर शाम श्याम भक्त मनेंद्रगढ़ पहुंचे जहां पर अखंड ज्योत का स्वागत करने आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा था।

Categorized in: