बलिया। शहर के एससी कालेज के सामने मंगलवार की सुबह परीक्षा देकर निकले रहे छात्रनेता पर चुनावी रंजिश में लाठी-डंडे से लैंस हमलावरों ने हमला कर दिया। बीच बचाव करने आए साथी की भी पिटाई कर दी। दोनों को अधमरा छोड़कर भाग निकले। पुलिस चौकी से महज 500 मीटर पर हुई इस घटना से खलबली मच गई। मऊ में इलाज के दौरान छात्रनेता हेमंत यादव (22) निवासी धड़सरा पूर की मौत हो गई। वहीं, साथी आलोक यादव (22) निवासी जीराबस्ती की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों की तहरीर पर नौ लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
मौत की खबर लगते ही पोस्मार्टम हाउस पर सपा जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव सहित सैकड़ों छात्र व परिजनों की भीड़ जुट गई। छात्रनेता आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही शव के पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़ गए। इसे लेकर पुलिस और छात्रनेताओं में तीखी नोंकझोंक भी हुई। मौके पर पहुंचे एसपी राजकरन नय्यर, एएसपी दुर्गा प्रसाद तिवारी के मान मनौव्वल के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस ले जाने दिए। वहीं, छात्रनेता धरने पर बैठ गए। परिजनों का रोते रोते बुरा हाल रहा।

पकड़ी थाना के पूर ग्रामसभा के धरसड़ा निवासी हेमंत यादव परिवार के साथ देवकली में परिवार के साथ रहते थे। पिता मनराज यादव सेना में तैनात है। हेमंत टीडी कालेज में बीए तृतीय वर्ष के छात्र थे। कुछ वर्षों से छात्रसंघ अध्यक्ष के चुनाव की तैयारी कर रहे थे। कुशल व्यवहार के कारण कुछ दिनों में कालेज में छात्रों के बीच अच्छी पैठ बनाने के कारण विपक्षियों के आंख में किरकिरी बने थे। टीडी कालेज की परीक्षा का सेंटर एससी कालेज में गया है। मंगलवार सुबह दस बजे परीक्षा देकर हेमंत बाहर निकला। चौराहे के समीप खड़े कुछ छात्रों से बातचीत करने लगा। इसी बीच हाकी, डंडे से लैंस आधा दर्जन से ऊपर युवकों ने अचानक हमला बोल दिया। बुरी तरह पिटाई करने लगे। बीच बचाव करने गए आलोक यादव की भी पिटाई कर दी। दोनों बेहोश होकर वहीं गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग निकले। मौजूद छात्रों ने दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद स्थिति गम्भीर देख वाराणसी को रेफर कर दिया। परिजन बेहतर उपचार के लिए मऊ लेते गए। इलाज के दौरान हेमंत की मौत हो गई। वहीं आलोक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट हुई है। इसमें एक युवक की मौत हो गई। दूसरे का उपचार चल रहा है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। – राजकरन नय्यर, एसपी

Categorized in: