आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें सुपरवाइजर एवं प्रगणक, जिले का एक भी परिवार सर्वेक्षण में न छूटे: कलेक्टर श्री विजय दयाराम के.

बलरामपुर- जिले में छत्तीसगढ़ राज्य सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण 2023 हेतु नियुक्त सुपरवाईजरों को कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देशन में जिला स्तरीय प्रशिक्षण में सर्वेक्षण के उद्देश्य से अवगत कराया गया। विदित है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की घोषणा के फलस्वरूप प्रदेष में 01 अप्रैल 2023 से राज्य में सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण किया जाना है, जिसका मुख्य उद्देष्य विगत वर्षों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनसामान्य के जीवन स्तर पर पड़े प्रभाव का आंकलन कर प्राप्त डाटा का भविष्य में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा नई योजनाओं के निर्माण हेतु उपयोग किया जाना है। उक्त कार्य के सफल संपादन के लिये प्रत्येक ग्राम में दो प्रगणक नियुक्त किये गये हैं, साथ ही प्रगणकों के द्वारा किये जा रहे कार्यों के देखरेख तथा सहयोग हेतु जिले में कुल 80 सुपरवाईजर नियुक्त किये गये हैं जिन्हें आज प्रषिक्षित जिला स्तर के मास्टर ट्रेनर द्वारा संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय प्रशिक्षण में दिया गया।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने प्रशिक्षण में आये अधिकारी/कर्मचारियों से कहा कि हमें इसके लिये सुक्ष्म कार्य योजना बनाकर कार्य करना होगा ताकि हमारे द्वारा किये गये कार्य पूर्ण रूप से शुद्ध हों, साथ ही समय-सीमा में हम अपने कार्य को पूर्ण कर सकें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप हमें अपने ग्राम के प्रत्येक परिवार का सर्वे करना है और यह सुनिश्चित करना है कि ग्राम अथवा पारा का कोई भी व्यक्ति सर्वे से वंचित न हो, इसकी जिला स्तर पर सतत् रूप से समीक्षा की जावेगी। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या होने पर त्वरित समाधान का भी प्रयास किया जावेगा। कलेक्टर ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को प्रत्येक ग्राम में सतत् मुनादी करवाने के निर्देश देते हुए प्रगणकों को आवास सूची, राशन कार्ड सूची तथा जनगणना 2011 आदि की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये।

तहसील स्तर पर छोटे बैच में प्रगणकों हेतु आयोजित किये जाएं प्रशिक्षणकलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने नियुक्त प्रगणकों हेतु गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का आयोजन करने के निर्देश सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को दिये। उन्होंने कहा कि प्रगणकों को 25-25 की संख्या में प्रशिक्षण दिया जावे तथा प्रशिक्षण विकासखण्ड मुख्यालय में आयोजित न करके तहसील स्तर पर आयोजित किये जाएं, ताकि प्रतिभागी अच्छी तरह से ऑनलाइन संपादित होने वाले कार्यों तथा ऑफलाईन प्रपत्र को समझ पाएं।

प्रशिक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रेना जमील, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सर्व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, तहसीलदार उपस्थित रहे।

Categorized in: