अंबिकापुर.  मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में एक बार फिर बिजली गुल होने का मामला सामने आया है। सोमवार की शाम 6.30 बजे अचानक पूरे अस्पताल के साथ-साथ आईसीयू की भी बिजली गुल हो गई। हालांकि लाइट गुल होने से किसी तरह की कोई परेशानी या अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित नहीं हुई है। आईसीयू में एक्सट्रा बैकअप होने के कारण सारे उपकरण काम करते रहे। इस दौरान मरीज के परिजन परेशान रहे। लेकिन बिजली गुल होने की घटना ने 3 महीने पूर्व एसएनसीयू (SNCU) में 5 बच्चों की मौत की घटना को ताजा कर दिया है। बच्चों की मौत मामले में जांच टीम ने हालांकि बिजली गुल से इसका कोई लेना-देना नहीं बताया था।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एसएनसीयू में लाइट गुल होने से ५ मासूम बच्चों की मौत की घटना सामने आई थी। उस समय पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ था। इस मामले को लेकर जांच टीम का भी गठन किया गया था। विद्युत व्यवस्था को लेकर भी अलग से जांच टीम गठित की गई थी।

वहीं शासन द्वारा अस्पताल प्रबंधन को विद्युत व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद भी अस्पताल प्रबंधन विद्युतीकरण के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहा है। सोमवार की शाम करीब 6.30 बजे अचानक पूरे अस्पताल की बिजली गुल हो गई। इससे इमरजेंसी, आईसीयू के साथ-साथ पूरे वार्ड में अंधेरा छा गया।

Categorized in: