कोरबा । मोर आवास- मोर अधिकार को लेकर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कटघोरा के विधायक पुरुषोत्तम कंवर के निवास स्थान का घेराव किया। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय ने विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा करके अपने नाम पर किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने सत्तारूढ़ होने के पहले शराब बंदी का वायदा किया था, पर अभी तक शराब बंदी नहीं हो सकी है। उल्टे यहां के विध्ाायक अपने मकान को शराब दुकान चलाने के लिए किराए पर देकर रखे हैं और उससे किराया वसूल रहे हैं। इसे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि शराब बंदी को लेकर सरकार व उनके विधायक कितने सजग हैं।

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा द्वारा कांग्रेस के विधायक व वरिष्ठ नेताओं का घेराव किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने हर व्यक्ति को घर मिले, इसके लिए मोर आवास- मोर अधिकार योजना लागू की। इसमें केंद्र सरकार ने अपने हिस्से की राशि दी। राज्य सरकार को अपने हिस्से की राशि देनी थी, पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्यांश देेने के बजाय पैसा नहीं होने की बात कह, केंद्र की राशि लौटा दी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहले पदयात्रा निकाली जो पूरे क्षेत्र का भ्रमण कर कार्यक्रम स्थल पर पहुंची और आमसभा के रूप में परिणित हो गई। सभा को वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संबोधित करते हुए राज्य की कांग्रेस सरकार को आड़े हाथ लिया। सभा उपरांत कार्यकर्ता रैली की शक्ल में विधायक निवास घेरने निकले। आंदोलन की वजह से पहले से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था और विधायक निवास पहुंचने के पहले दो स्थान पर बैरिकेड लगाए गए थे। पहले बैरिकैड में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी व तहसीलदार स्वयं उपस्थित रहे, ताकि कार्यकर्ताओं को रोक कर ज्ञापन ले सकें।

लेकिन उग्र भीड़ ने पहले बैरिकैड को तोड़ कर अंदर चली गई। हालांकि दूसरे बैरिकेड में समझाइश के बाद कार्यकर्ता शांत हुआ और पदाध्ािकारियों ने ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर भाजपा जिला संगठन प्रभारी श्याम बिहारी जायसवाल, कटघोरा विधानसभा प्रभारी दिनेश सिंह, विधायक ननकीराम कंवर, प्रदेश उपाध्यक्ष लखन लाल देवांगन, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, ज्योतिनांद दुबे, जिलाध्यक्ष डा राजीव सिंह, जिला महामंत्री संतोष देवांगन, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, प्रेमचंद पटेल, चुलेश्वर राठौर समेत मंडल अध्यक्ष मंडल के कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।

Categorized in: