हरियाणा में भिवानी के लोहारू में बोलेरो में जिंदा जले 2 युवकों के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। ये राजस्थान के रहने वाले थे। परिवार का आरोप है कि बजरंग दल वालों ने उन्हें किडनैप करके जिंदा जला दिया। बुरी तरह जली गाड़ी के भीतर दोनों के शव कंकाल बन चुके थे। हालांकि अभी तक हरियाणा पुलिस की तरफ से इस बारे में कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।

नासिर (बाएं) और जुनैद दोनों आपस में दोस्त थे। जिस बोलेरो में दोनों जिंदा जले मिले, वह नासिर के रिश्तेदार की थी।
राजस्थान के थाने में मारपीट और किडनैपिंग की शिकायत
शुरुआती जानकारी के मुताबिक ये दोनों युवक राजस्थान के भरतपुर के पहाड़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। जुनैद के चचेरे भाई इस्माइल ने इस बारे में बुधवार को गोपालगढ़ थाने (भरतपुर) में दोनों की गुमशुदगी और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी।

इस्माइल ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 5 बजे चचेरा भाई जुनैद और नासिर अपनी बोलेरो कार एचआर 28 ई 7763 से अपने काम से बाहर गए थे। इसके बाद वापस नहीं आए। सुबह करीब 9 बजे एक चाय की दुकान पर उसे किसी अजनबी ने बताया कि सुबह 6 बजे दो युवक एक बोलेरो में गोपालगढ़ थाना के पीरूका गांव के जंगल से जा रहे थे, जिन्हें 8-10 लोगों ने बुरी तरह मारा और घायल हालत में उन्हीं की बोलेरो में डालकर ले गए।

कॉल किया तो दोनों के मोबाइल बंद थे
इस्माइल का कहना है कि इसका पता चलते ही उसने जुनैद और नासिर को फोन लगाया, लेकिन दोनों के मोबाइल बंद थे। इस्माइल ने अपने गांव घाटमीका में परिजन को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद परिजन इस्माइल के पास पहुंचे। परिजन के साथ इस्माइल पीरूका गांव के जंगल में बताई गई जगह पर गया तो वहां टूटे शीशे गिरे मिले।

इस्माइल ने शिकायत में बताया कि पीरूका गांव में पूछताछ की तो पता चला कि 8-10 लोगों ने दोनों से मारपीट की, फिर उन्हीं की बोलेरो में किडनैप कर ले गए। इस्माइल ने अपनी शिकायत में बजरंग दल से जुड़े अनिल, श्रीकांत, रिंकू सैनी, लोकेश सिंगला निवासी मानेसर पर आरोप लगाए हैं।

गाड़ी में दो व्यक्तियों के कंकाल मिले। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक जांच के बाद ही पता चलेगा कि यह हादसा है या साजिश।
जुनैद के 6 बच्चे, नासिर शादीशुदा
जुनैद और नासिर दोनों दोस्त थे और घाटमिका गांव के रहने वाले थे। जुनैद और नासिर शादीशुदा थे। जुनैद के छह बच्चे हैं, जबकि नासिर के कोई बच्चा नहीं है। दोनों ड्राइवरी करते थे। बोलेरो गाड़ी नासिर के रिश्तेदार की थी।

लोहारू डीएसपी जगत सिंह मोर जानकारी देते हुए।
गाड़ी के चेसिस नंबर से पहचान के प्रयास
लोहारू डीएसपी जगत सिंह मोर ने बताया कि ग्रामीणों के जरिए डायल 112 पर सूचना मिली थी कि गांव बारवास में एक जली हुई गाड़ी खड़ी है। मौके पर पुलिस पहुंची तो पाया कि गाड़ी के अंदर 2 लोगों के कंकाल हैं। डीएसपी ने बताया कि गाड़ी का चेसिस नंबर लिया गया है। इसके आधार पर गाड़ी के मालिक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Categorized in: