फरीदाबाद- फरीदाबाद के एनआईटी तीन स्थित एक पार्क में बैठे दंपती के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की। युवक उन्हें प्रेमी जोड़ा समझ रहे थे। वैलेंटाइन डे पर युवक पार्क में आए हुए थे और युवक-युवतियों से पूछताछ कर रहे थे। उनके हाथ में डंडे थे।

पुलिस को मामले की नहीं जानकारी
इस मामले की किसी ने वीडियो बना ली और वायरल कर दी। स्थानीय पुलिस को इस मामले की जानकारी नहीं है। वायरल वीडियो की जांच करने का दावा किया जा रहा है। बता दें वैलेंटाइन डे पर कुछ शरारती तत्व विभिन्न संगठनों के सदस्य होने का दावा करते हुए पार्क में बैठे युवक-युवतियों को परेशान करते हैं।

हर साल 14 फरवरी का दिन कुछ लोग वैलेंटाइन डे के रूप में मनाते हैं। खासकर प्रेमी जोड़ों में इस दिन को लेकर खासा उत्साह रहता है। मंगलवार को वायरल वीडियो में लोग पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगा हैं। वीडियो के अनुसार पीड़ित ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ पार्क में घूमने आए थे।

दंपती को कुछ लोगों ने किया परेशान
पीड़ित बेंच पर बैठे थे, तभी कुछ युवक आए और उन्हें थप्पड़ मारने लगे। दोनों ने कहा कि वो पति-पत्नी हैं, लेकिन वे विश्वास करने को तैयार नहीं थे। इस दौरान कुछ अन्य लोग भी वायरल वीडियो में कह रहे हैं कि अज्ञात युवकों ने उनके साथ भी मारपीट की थी और परेशान किया था।

लोगों ने डायल 112 पर फोन मिलाया था लेकिन वहां से कोई रिस्पांस नहीं मिला। इसके बाद कुछ अन्य युवकों ने दंपती के साथ गुंडागर्दी करने वालों को आड़े हाथों लिया और उनको भगया। एनआईटी तीन पुलिस चौकी के प्रभारी सोमपाल के अनुसार इस मामले से संबंधित कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत आने के बाद कार्रवाई होगी।

Categorized in: