0 करतारपुर कॉरीडोर का निर्माण और पूर्वांचल की समस्याओं का स्थायी समाधान प्रधानमंत्री की सूझबूझ का सुपरिणाम : सिंह

0 केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर कवर्धा ज़िला भाजपा की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सभा

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के पहले कार्यकाल में हुए कार्यों और दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष में लिए गए बड़े फैसलों को एक नए भारत की रचना का अभिनव अभियान बताया है और कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व विश्वास का वातावरण निर्मित हुआ है और भारत की आन-बान-शान विश्व मंच पर स्थापित हुई है। श्री उसेंडी शनिवार को यहाँ कुशाभाऊ ठाकरे स्मृति परिसर में भाजपा द्वारा आहूत जिला जनसंवाद कार्यक्रम के तहत कवर्धा ज़िला की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सभा को संबोधित कर रहे थे। औषधीय पादप बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने भी अपने विचार रखे। विदित रहे, प्रदेश भाजपा द्वारा केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर जिला स्तर पर इन सभाओं का आयोजन रखा जा रहा है और यह सभा इस क्रम में शनिवार की दूसरी सभा थी।
भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री उसेंडी ने कहा कि अपने साहसिक निर्णयों से प्रधानमंत्री श्री मोदी एक वैश्विक नेता के रूप में उभरे हैं और भारत विश्व का नेतृत्व करने की क्षमता से भरपूर नज़र आ रहा है। कोरोना संकट का दूरदर्शितापूर्ण फैसलों से डटकर मुक़ाबला करके प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की परिकल्पना रखकर स्वदेशी अपनाने पर ज़ोर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने भाजपा के घोषणापत्र में व्यक्त संकल्पों पर काफी तेज़ी से काम कर भाजपा की वैचारिक अवधारणा को साकार किया है और स्वाभिमानी, समृद्ध और शक्तिशाली देश के निर्माण की दिशा में आने वाले वर्षों में भी मील के पत्थर स्थापित करने का काम होगा। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस राज्य सरकार पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी की भव्य छत्तीसगढ़ की कल्पना को रसातल में ले जाने का आरोप लगाते हुए पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री उसेंडी ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के किसानों, आदिवासियों, युवकों, मज़दूरों, महिलाओं, तेंदूपत्ता संग्राहकों व उनके परिजनों समेत सभी वर्गों के साथ वादाख़िलाफ़ी कर दग़ाबाजी की। प्रदेश में विकास के काम ठप पड़े हैं, माफिया राज-गुंडा राज कायम हो रहा है। चारों ओर अराजकता का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार की उपलब्धियों के साथ ही प्रदेश सरकार की विफलताओं को भी जन-जन तक पहुँचाने का काम पूर्ण मनोयोग से करें।
औषधीय पादप बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री सिंह ने इस मौके पर जनसंघ-भाजपा की वैचारिक व राजनीतिक यात्रा के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला और डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी का स्मरण किया। श्री सिंह ने मौज़ूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों, ऐतिहासिक, क्रांतिकारी व साहसिक निर्णयों की चर्चा कर कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आंतरिक सुरक्षा व शांति स्थापित करने का काम किया। भाजपा की केंद्र सरकार की उपलब्धियों के चलते प्रधानमंत्री श्री मोदी न केवल भारत में, अपितु विश्व मंच पर सशक्त नेतृत्व के बल पर यशस्वी प्रधानमंत्री के रूप में उभरे। श्री सिंह ने स्वच्छता अभियान, आर्थिक आधार पर सवर्ण आरक्षण, राम मंदिर निर्माण, धारा 370 व अनुच्छेद 35-ए की समाप्ति, नागरिकता संशोधन क़ानून, तीन तलाक़ क़ानून आदि की चर्चा करते हुए करतारपुर कॉरीडोर के निर्माण और पूर्वांचल की जटिल समस्याओं के स्थायी समाधान पहल को भी प्रधानमंत्री श्री मोदी की सूझबूझ का सुपरिणाम बताया। कोरोना संकट से सुरक्षा के उपायों पर अमल को ज़रूरी बताते हुए श्री सिंह ने इस संकट को भी अपने लिए एक अवसर में परिणत कर आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री श्री मोदी की परिकल्पना पर प्रकाश डाला।

सभा की शुरुआत भाजपा ज़िला अध्यक्ष अनिल ठाकुर के संबोधन से हुई। प्रदेश भाजपा महामंत्री व संसद सदस्य संतोष पांडेय ने भारत-चीन सीमा विवाद पर विस्तार से प्रकाश डाला। भाजपा वर्चुअल रैली के प्रदेश के सह संयोजक व प्रदेश प्रवक्ता भूपेंद्र सवन्नी ने सभा की कार्यवाही संचालित करते हुए प्रास्ताविक भाषण दिया। कार्यक्रम के अंत में भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अशोक बजाज ने सबको आत्मनिर्भर भारत की संरचना का संकल्प दिलाया। आभार प्रदर्शन पूर्व ज़िला भाजपा अध्यक्ष रामकुमार भट्ट ने किया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, भाजपा वर्चुअल रैली के प्रदेश संयोजक व पूर्व मंत्री राजेश मूणत, भाजपा प्रदेश मंत्री व पूर्व विधायक नवीन मार्कंडेय, आईटी सेल के प्रदेश संयोजक दीपक म्हस्के, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा, पूर्व संसद सदस्य अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक त्रय सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी व अशोक साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सुशीला भट्ट, पूर्व जिपं अध्यक्ष संतोष पटेल, पूर्व नपा अध्यक्ष देवकुमारी आदि काफी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता वर्चुअली जुड़े थे।

Categorized in: