मनेन्द्रगढ़ वनमंडल के बाद बाघ पहुंचा कोरिया के निगनोहर जंगल…

बैकुंठपुर। वनमण्डल मनेन्द्रगढ़ अंतर्गत आदमखोर बाघ का आतंक लगातार जारी है। सोमवार को आदमखोर बाघ ने रिहायशी इलाकों में अलग घटनाओं में चार मवेशियों पर हमला किया। सबसे पहले सोमवार की सुबह बाघ ने बिहारपुर वन परिक्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत सोनहरी के यादव मोहल्ला में दो मवेशियों पर हमला कर घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर वन अमला घटनास्थल पहुंच गया था। मवेशियों पर हमले के बाद बाघ बिहारपुर वन परिक्षेत्र से विचरण कर बनिया नदी होते हुए सोनहत विकासखंड स्थित कचोहर जंगल की ओर  चला गया। जिसके बाद शाम को बाघ विचरण करते कोरिया वन मंडल अंतर्गत देवगढ़ वन परिक्षेत्र स्थित निगनोहर पहुंच गया। निगनोहर में बाघ ने रामबाई की बकरी को अपना शिकार बनाया। लगातार हमले से वन अमला सतर्क हो गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अकेले जंगल ना जाने की अपील की है।

विदित हो कि मनेन्द्रगढ़ व कोरिया वनमंडल अंतर्गत वन क्षेत्र में आदमखोर तेंदुए के बाद क्षेत्र में अब आदमखोर बाघ की आमद हो गयी है। शनिवार को ग्राम कछौड़ में एक ग्रामीण को बाघ ने मार दिया था। जिसके बाद एमसीबी कलेक्टर पीएस ध्रुव के साथ जिला प्रशासन व वन विभाग की टीम ने  घटना स्थल गुंडरु नदी का मुआयना भी किया था। कलेक्टर पी.एस.ध्रुव के साथ  वाइल्ड लाइफ सीएफ केआर बढ़ई, डीएफओ  श्रीनिवास, गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान संचालक आर, रामाकृष्णन वाई, मनेंद्रगढ़ वन मंडल डीएफ लोकनाथ पटेल, एसडीओ के.एस. कंवर सहित वन अमला निरीक्षण में शामिल था। वन अमले ने बताया कि बाघ का वर्तमान लोकेशन कोरिया के निगनोहर जंगल है। वही बाघ का पता लगाने बिलासपुर से डॉग स्क्वाड की टीम बुलाई गई है। वन अमला सतर्क है मुनादी करा ग्रामीणों को  समझाईश दी जा रही है। गत  03 फरवरी 2023 को शाम लगभग 4 बजे ग्राम कछौड़ गुडुरूपारा निवासी बुद्धू लाल अगरिया उम्र 37 वर्ष पर गुडुरु नदी के बांध मे आदमखोर बाघ ने हमला कर मार दिया था। वन क्षेत्र में बाघ की आमद से  खतरा अभी टला नहीं है। बाघ निगनोहर व आसपास जंगल में विचरण कर रहा है। और फिर किसी को शिकार बना सकता है। इस बात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

Categorized in: