प्रदेश में होने वाले चुनाव का होगा आगाज, विजन 2047 का करेंगे निर्धारण-रेणुका
जनजातीय सम्मेलन में 75 हजार लोगों की उपस्थिति का लक्ष्य, 50 हजार से अधिक की होगी गेदरिंग


गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। केंद्रीय अनुसूचित जनजाति कल्याण राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने भाजपा कार्यालय संकल्प भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आगामी 20-21 जनवरी को अंबिकापुर शहर में भाजपा की 285 सदस्यीय टीम की मौजूदगी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। इसके पहले वर्ष 2016 में जब छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार थी, तत्समय प्रदेश कार्यसमिति हुई, जिसे भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सफल बनाया। चुनावी वर्ष 2023 में पुन: प्रदेश नेतृत्व में सरगुजा को प्रदेश कार्यसमिति की जिम्मेदारी दी गई है, जिसमें राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के भाजपा संगठन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। इस बड़ी जिम्मेदारी को भाजपा के जिला अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेताओं ने ईमानदारी से स्वीकार किया है। 21 जनवरी को जनजातीय महासम्मेलन का भी आयोजन होगा, जिसमें 50 हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने महासम्मेलन में 75 हजार लोगों की उपस्थिति का संकेत दिया है। यह सम्मेलन दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। उन्होंने कहा इसके साथ ही प्रदेश में होने वाले 2023 के चुनाव का आगाज होगा, चुनाव की तैयारी शुरू हो जाएगी। पत्रकारों से चर्चा के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर अनिल सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, अखिलेश सोनी, भारत सिंह सिसोदिया, अभिमन्यु गुप्ता, भाजयुमो के विश्वविजय सिंह तोमर सहित अन्य उपस्थित थे।  
चलेगी दिल्ली तक पैसेंजर ट्रेन
पत्रकारों के सवाल पर केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि अंबिकापुर से दिल्ली तक ट्रेन का संचालन आसान होता तो यह पहले हो जाना चाहिए था। उन्होंने अपने कार्यकाल में जनसुविधा की दृष्टि से की जा रही इस बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा कराया। जल्द ही स्लीपर कोच और जनरल कोच का संचालन हो और सप्ताह में टे्रन का संचालन दो से तीन दिन हो, इस पर भी पहल की जाएगी।
प्रदेश कार्यसमिति चुनावी साल में महत्वपूर्ण
रेणुका सिंह ने कहा चुनावी वर्ष 2023 में हो रही प्रदेश कार्यसमिति काफी महत्वपूर्ण होगी। इस दौरान चुनाव जीतने की रणनीति तो बनेगी ही, वर्ष 2047 तक का विजन तय होगा। 20-21 जनवरी को भाजपा के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में रोड मैप तैयार किया जाएगा। उन्होंने शंखनाद किया कि छत्तीसगढ़ से जीत की शुरूआत होगी, प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
जनजातियों को मिला संवैधानिक अधिकार
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि 12 जनजातियां लिपिकीय त्रुटि के कारण संवैधानिक अधिकारों से वंचित हो रही थी, इस पर केंद्र सरकार का ध्यान गया और बिंझिया, पंडो सहित अन्य जनजातियों को उनके संवैधानिक अधिकारों को हासिल करने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए पहल की गई और उन्हें जनजातियों की सूची में शामिल किया गया।  
कांग्रेस की वादाखिलाफी, हमने दिया 20 लाख
केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों में भ्रमण के दौरान उन्हें बताया गया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पंचायतों के विकास के लिए 70 लाख रुपये देने कहा था लेकिन अभी तक एक लाख रुपये भी नहीं मिला है। हमने प्रधानमंत्री आदि आदर्श ग्राम विकास योजना के तहत 36,428 ग्राम पंचायतों को चयनित कर 20 लाख 39 हजार रुपये दिया। इस राशि से कनेक्टिविटी से संबंधित 14 प्रकार के विकास कार्य किए जाएंगे। यह राशि सीधे पंचायत के खातों में अंतरित की गई है। भारत सरकार को उक्त राशि से किए गए कार्य का उपयोगिता प्रमाण पत्र देना होगा।
प्रधानमंत्री आवास का काम भूपेश ने रोका
रेणुका सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का काम छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की सरकार ने सिर्फ इसलिए रोका क्योंकि इसमें प्रधानमंत्री नाम जुड़ा है। सभी को पक्का मकान मिले, इसके लिए आवास योजना को 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत केंद्र की सरकार ने हितग्राहियों के लिए 60 प्रतिशत राशि उपलब्ध कराई थी, 40 प्रतिशत राज्य सरकार को देना था।  
कमजोर लोगों की हमें जरूरत नहीं
आदित्येश्वर शरण सिंहदेव के भाजपा प्रवेश को लेकर बही बयार के सवाल पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की प्रतिक्रिया का जवाब देते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने कहा किस आग में वे जल रहे हैं और कैसी आग की धुआं है, यह वही बता सकते हैं। पार्टी में किसी को लेने की चर्चा नहीं है। कमजोर लोगों को पार्टी में क्यों लेना चाहेंगे। हमारी मजबूत टीम है। चुनाव जीतकर 15 साल तक प्रदेश में भाजपा सत्ता में रही, हमें किसी की जरूरत नहीं है।

Categorized in: