सरगुजा को जीते बिना किसी की सरकार नहीं बनती, हम लुंड्रा विधानसभा जीतकर भाजपा की सरकार बनाएंगे-संजय श्रीवास्तव

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार के दमनकारी नीतियों के विरोध में कांग्रेस हटाओ-छत्तीसगढ़ बचाओ अभियान के तहत विधानसभा सम्मेलन व आम सभा का आयोजन लुंड्रा पंचायत भवन के प्रांगण में भाजपा सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव के मुख्य आतिथ्य, पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा, सरगुजा भाजपा प्रभारी ज्योति नंद दुबे, भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व सांसद का कमलभान सिंह, पूर्व विधायक विजय नाथ सिंह तथा तथा नगर निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज के विशिष्ट अतिथि एवं भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह की अध्यक्षता में किया गया।


सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने कहा सरगुजा को जीते बिना किसी की सरकार नहीं बनती, हम भी भाजपा कार्यकर्ताओं की परिश्रम से लुंड्रा विधानसभा जीतकर भाजपा की सरकार बनाएंगे। आगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को 50 वर्षों तक धोखे में रखा तथा अलग छत्तीसगढ़ राज्य बनने नहीं दिया, जबकि केंद्र में अटलजी की सरकार बनते ही उन्होंने 5 महीने के अंदर अलग छत्तीसगढ़ राज्य बना दिया। भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है। उन्होंने भूपेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि भूपेश बघेल की नहीं बल्कि ठगेश बघेल की सरकार है, सन 2018 में कांग्रेस ने षड्यंत्र रचा और उनके नेता टीएस सिंह देव ने फर्जी घोषणा पत्र बनाकर महिलाओं, युवाओं तथा छत्तीसगढ़ की आम जनता को ठगा। पहले कांग्रेसी दिल्ली में नारा लगा रहे थे छत्तीसगढ़ डोल रहा है बाबा-बाबा बोल रहा है और अब नारा है कि छत्तीसगढ़ बोल रहा है, देखो बाबा भी डोल रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घोषणा पत्र बनाने वाले टीएस बाबा की दुकान बंद कर दी है और उन्हें इस्तीफा देने की नौबत आ गई है। पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने कहा कि केंद्र की सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के विकास के लिए दिए गए पैसों को भूपेश सरकार और कांग्रेसी मिलकर बंदरबांट करने में लगे हैं, यह गोबर सरकार है जो गोबर खरीदी में भी भ्रष्टाचार का कीर्तिमान रच रही है। भाजपा जिला प्रभारी ज्योति नंद दुबे ने कहा कि भूपेश सरकार के 4 साल पूरे होने पर ही आम जनता ने कहना शुरू कर दिया है कि यह सरकार लबरा सरकार है, समाज का कोई वर्ग ऐसा नहीं बचा जिसको इस सरकार ने ठगा नहीं है। भूपेश सरकार गरीबों का आवास लूटने वाली सरकार है। उन्होंने कांग्रेसी विधायकों को चेतावनी देते हुए कहा कि हम उन्हें 10 महीने का समय देते हैं, वे गरीबों का आवास बना कर दें नहीं तो 11 वें महीने जनता उनका हिसाब करेगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर ने कहा भाजपा अंत्योदय के सिद्धांत पर चलती है, जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति सर उठा कर नहीं चलता तब तक हमारा लक्ष्य पूरा नहीं होगा। पूर्व विधायक विजय नाथ सिंह ने कहा भूपेश सरकार को आम जनता के सुख-सुविधाओं का कोई चिंता नहीं है। सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य सभी की स्थिति अत्यंत खराब है। ऐसी निक्कमी सरकार को बदल कर भाजपा की सरकार लाना जरूरी है। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज ने कहा कि लुंड्रा क्षेत्र का कभी भी विकास नहीं हुआ, जब अटल बिहारी बाजपेयी ने छत्तीसगढ़ बनाया और 2003 में जब भाजपा की सरकार बनी, तब यहां की सड़क एवं पुल-पुलिया का निर्माण हुआ, फिर से कांग्रेस राज में लुंड्रा का विकास रुक गया। भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि कांग्रेस की गूंगी बहरी सरकार को हटाना जरूरी है, क्योंकि आम जनता की गाढ़ी कमाई को सरकार में बैठे लोग भ्रष्टाचार का जाल फैला कर डकार रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न समाज के प्रमुखों का अतिथियों ने सम्मान किया। 

Categorized in: