पत्थर बांधकर शव को फेंका बांध में, गोताखोरों की मदद से शव बरामद की पुलिस
अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सनावल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पीपरपान युवक के हत्या की गुत्थी पुलिस सुलझा ली है और आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दी है। मृतक के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस गुम इंसान कायम कर मामले की जांच की और मोबाइल नंबर के आधार पर संदिग्ध को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो मामला दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश व प्रेम प्रसंग का निकला।
पुलिस के मुताबिक पीपरपान निवासी सोना यादव ने 18 दिसंबर को थाने में सूचना दी थी, उसका छोटा पुत्र विनोद यादव 16 दिसंबर की रात से घर से गायब है। मामले में पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज किया था। मामला संदेहास्पद प्रतीत होने पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सनावल थाना प्रभारी रजनीश सिंह, त्रिकुंडा थाना प्रभारी सतीश सहारे व डिंडो चौकी प्रभारी भागवत नायकर के नेतृत्व में मामले की जांच शुरु की गई। ग्रामीणों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मृतक के मोबाइल का कॉल सर्च किया और जिस नंबर पर अंतिम बार बातचीत हुई थी, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की। शुरु में तो वे पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन कड़ाई से पूछताछ में मामले का पर्दाफास हो गया। पुलिस ने बताया सप्ताह भर पूर्व मृतक विनोद यादव अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। सामने आया कि युवती के पिता व उसके पुत्र ने इन्हें आपत्तिजनक हाल में देख लिया और लाठी-डंडे से युवक को इतना मारा कि वह अचेत होकर गिर गया। पिता-पुत्र उसे मरा समझ बाइक में रात में ही बांध के पास पत्थर बांधकर फेंक दिए थे। पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। शव को बरामद करने आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस को गोताखोरों की मदद लेनी पड़ी थी। पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर धारा 302, 201, 34 के तहत जेल भेज दिया है। कार्रवाई में एएसआइ राममिलन मिश्रा, प्रधान आरक्षक मुकेश गुप्ता, मंचन राम, श्रीनाथ सिंह, आरक्षक कृष्णा मरकाम व राममूरत यादव शामिल रहे।

Categorized in: