लैपटॉप, कंप्यूटर सहित तीन लाख का सामान बरामद करने में पुलिस को मिली सफलता

अंबिकापुर। गांधीनगर थाने की पुलिस ने चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई कर 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी का दो लैपटॉप, एक कंप्यूटर, एक यूपीस, एक सीसीटीवी कैमरा बरामद करने में पुलिस को सफलता मिली है, जिसकी कुल कीमत तीन लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन भी बरामद किया है।


जानकारी के मुताबिक कृष्णा राय निवासी रायपारा सुभाषनगर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 दिसंबर की रात वे अपने ऑफिस का ताला बंद कर चले गए थे। सुबह ऑफिस आने पर ताला टूटा हुआ था एवं अंदर रखा सीसीटीव्ही कैमरा, कंप्यूटर, लैपटॉप व अन्य सामान अज्ञात चोरों के द्वारा चोरी कर लिया गया था। रिपोर्ट पर पुलिस धारा 457, 380, 34 भादंसं का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में ली। इधर चोरी की वारदात को पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने गंभीरता से लेते हुए अज्ञात चोरों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला व नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक कलीम खान की अगुवाई में टीम का गठन किया था। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर आरोपियों की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो अंकित पटेल निवासी चंदौरा जिला सूरजपुर ने अपने साथी अंशुल पटेल बिशुनपुर अंबिकापुर के साथ मिलकर रायपारा सुभाष नगर में महामाया फिड इंडस्ट्रीज में घुसकर कमरे में लगे ताला तोडऩे और कमरे में रखे लैपटाप सहित अन्य सामान को चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने अंशुल पटेल के मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीडब्लू 1893 में चोरी का सामान लेकर अपने घर भगवानपुर आने की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों से घर में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद किया और कार्रवाई कर इन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में निरीक्षक कलीम खान के साथ उप निरीक्षक विजय दुबे, सउनि नवल किशोर दुबे, आरक्षक उमाशंकर, अमृत सिंह, प्रवीन्द्र सिंह, अरविंद उपाध्याय, अतुल सिंह, सैनिक अनिल साहू सक्रिय रहे।

Categorized in: