पुलिस ने दो आरोपियों से 36 हजार रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त कार जब्त किया  

गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। एटीम कार्ड जाम कर 50 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में सरगुजा पुलिस को की विशेष गठित टीम एवं मणिपुर चौकी पुलिस ने दो आरोपियों को पलामु झारखंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर यह कार्रवाई की है। आरोपियों से रिपोर्टकर्ता का एटीएम, 36 हजार रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त कार बरामद करने में पुलिस सफल हुई है।
मणिपुर पुलिस चौकी में आरक्षक अमित कुजूर ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 30 नवंबर को नया बस स्टैंड अंबिकापुर के एटीएम में वह पैसा निकालने गया था। ट्रांजेक्शन के दौरान एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। पास में खड़े दो अन्य व्यक्तियों द्वारा सहयोग करने के नाम पर उसके एटीएम का पिन नंबर देख लिया और मौका पाकर खाते से 50 हजार रुपये नगद आहरण कर लिया था। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 420, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने मामले के आरोपियों का पता लगाने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करने कहा था। पुलिस ने घटना दौरान प्रयुक्त कार के संबंध में जानकारी प्राप्त कर साइबर सेल के सहयोग से तकनीकी जानकारी प्राप्त की और पुलिस की विशेष टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पलामू झारखंड रवाना हुई। पुलिस ने आरोपी अहमद रजा पिता इसराफिल अंसारी व खालीद अंसारी पिता सफी आलम निवासी चैनपुर जिला पलामू झारखंड को घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ की तो उन्होंने प्रार्थी के एटीएम से 50 हजार रूपये आहरित करना स्वीकार किया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हुंडई कार व 36 हजार रुपये नगद एवं प्रार्थी का एटीएम समेत अन्य सात एटीएम बरामद किया गया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी सरफराज फिरदौसी के साथ सहायक उप निरीक्षक विवेक पांडेय, प्रधान आरक्षक सुधीर कुसह, इम्तियाज अली, बृजेश राय, सत्येन्द्र दुबे, वीरेंद्र पैकरा सक्रिय रहे।

Categorized in: