होटल में डेरा डाले उत्तर प्रदेश जालौन के तीन शातिर  बैंक को 2.10 लाख का पहुंचा चुके थे नुकसान


गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। अंतर्राज्यीय गिरोह अंबिकापुर के एक होटल में डेरा डालकर बैंक को आर्थिक क्षति पहुंचाने में लगा था। आरोपियों के द्वारा सरगुजा जिले के विभिन्न एटीएम का शटर टेम्परिंग कर बैंक क्लेम कर कुल 2.10 लाख रुपये आहरण किया गया था। स्टेट बैंक के कैश ऑफिसर की शिकायत को पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने गंभीरता से लिया तो शातिरों की करतूत सामने आई। पुलिस ने धोखाधड़ी करने वाले उत्तर प्रदेश जालौन के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को इनके पास से अलग-अलग बैंकों व अलग-अलग खाताधारकों के नाम के 120 नग एटीम, एक स्विफ्ट कार, चार मोबाइल एवं एक लाख 20 हजार रुपये नगद बरामद करने में सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक ने बताया एटीएम टेम्परिंग का एक अन्य आरोपी भोपाल पुलिस के हाथ लगा है। पुलिस ने कार्रवाई के सूत्रधार को प्रमाणपत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया है।
मामले का पर्दाफास करते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने अपने कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि स्टेट बैंक अंबिकापुर के कैश आफिसर गौतम दास द्वारा 28 नवंबर 2022 को बैंक के एटीएम की शटर टेम्परिंग कर 21 ट्रांजेक्शन एवं 04 दिसंबर 2022 को 25 ट्रांजेक्शन कर लगभग दो लाख 10 हजार रुपये नगदी अनाधिकृत आहरण करने और बैंक में क्लेम करने के संबंध में लिखित जानकारी दी थी। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में धारा 420, 120बी भादवि का जुर्म दर्ज कर विवेचना में लिया। इधर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग ने एटीएम टेम्परिंग के आरोपितों की पतासाजी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे, जिस पर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ग्रामीण अखिलेश कौशिक को कोतवाली उपनिरीक्षक रुपेश नारंग के साथ पुलिस टीम गठित कर आरोपियों के धरपकड़ हेतु जिले के सभी निकासी स्थल की नाकेबंदी व सभी संभावित स्थल पर छापामारी करने कहा था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में कोतवाली उपनिरीक्षक रुपेश नारंग, के साथ बस स्टैंड सहायता केंद्र प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अभिषेक पांडेय, प्रधान आरक्षक विजय रवि, आरक्षक चंचलेश सोनवानी, विमल कुमार, शिव कुमार राजवाड़े, कुंदन सिंह, शाहबाज खान, सैनिक संतोष पाठक, दिलीप नायक सक्रिय रहे।
होटल-लॉज की जांच मेें हाथ लगे संदिग्ध
पुलिस टीम एटीएम टेम्परिंग के अपराधियों को पकडऩे बस स्टैंड एवं आस-पास के होटल, लॉज को चेक की तो बस स्टैंड स्थित एक होटल में तीन संदिग्धों के रूकने की जानकारी मिली। इनके आने और रुकने का कारण पुलिस ने जानने का प्रयास किया तो वे गोलमोल जवाब देने लगे। पुलिस ने जब इनके सामानों की तलाशी ली तो एटीएम का अंबार देख इनके होश उड़ गए। 120 नग एटीम देख पुलिस जब कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने जालौन उत्तरप्रदेश से सतना और सतना से अंबिकापुर तक स्विफ्ट कार से आने और बस स्टैंड के पास स्थित होटल में 27 नवंबर को आकर रूकने की जानकारी दी। आरोपियों ने बताया कि 28 नवंबर को उन्होंने स्टेट बैंक के विभिन्न एटीम से 21 ट्रांजेक्शन एवं चार अक्टूबर को 25 ट्रांजेक्शन कर लगभग दो लाख 10 हजार रुपये एटीएम का शटर टेम्परिंग कर निकाला था।
स्टेट बैंक का एटीएम रहा निशाने पर
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपितों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उनकी नजर सर्वाधिक स्टेट बैंक के एटीएम पर रहती थी। वे एटीएम में कार्ड डालने के बाद नोटों की गिनती होने पर शटर टेम्परिंग कर कैंसल का बटन दबा देते थे, जिससे उनके हाथ नगद रकम आ जाता लेकिन उनके द्वारा जिस खाताधारक के खाते से रकम निकाली जाती थी, वह रकम बैंक के रिकार्ड में यथावत रहता था। ऐसे में वे बैंक से क्लेम करके उतनी ही राशि और प्राप्त कर लेते थे, जिससे बैंक का कैश कम हो रहा था। इसके बाद बैंक के कैश ऑफिसर ने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी, जिसे संज्ञान में ली पुलिस शहर के होटल में ठिकाना बनाए अपराधियों तक पहुंचने में सफल हुई।  
गिरफ्तार किए गए आरोपी
0 कपिल विश्वकर्मा पिता अशोक विश्वकर्मा 25 वर्ष, निवासी व थाना कालपी जिला जालौन उत्तर प्रदेश।
0 नीरज निषाद पिता नाथूराम निषाद 20 वर्ष निवासी कालपी जिला जालौन उत्तर प्रदेश।
0 अजय कुमार निषाद पिता छोटे लाल निषाद 19 वर्ष निवासी शेखपुरगोड़ा थाना कालपी जिला जालौन उत्तर प्रदेश।

Categorized in: