जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बनाया वीडियो, अधिकारी पहुंचे तब तक निकल लिया था शिक्षक  


भैयाथान/दतिमा मोड़। विकासखंड अंतर्गत ग्राम जूना धरतीपारा में विद्या के मंदिर में शर्मनाक परिदृश्य देखने को मिला, जो शासन की ओर से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के प्रयास को तमाचा मारता प्रतीत हो रहा है। जिस विद्या के मंदिर में शिक्षक शराब पीकर हाजिरी लगाने के लिए पहुंचेंगे, वहां शिक्षा की गुणवत्ता किस हद तक विकसित हो पाएगी, समझा जा सकता है। शनिवार की सुबह शिक्षक को जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने स्कूल से कुछ दूर जमीन में लेटे देखा था, जिसका वीडियो उन्होंने बना लिया और इसकी जानकारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी को दी। हालांकि जब मौके पर अधिकारी पहुंचे तो वह शिक्षक वहां से उठकर जा चुका था।
जानकारी के मुताबिक प्राथमिक शाला जूना धरतीपारा में पदस्थ शिक्षक बसंत लाल राजवाड़े शनिवार की सुबह नौ बजे शराब के नशे में स्कूल पहुंचे और उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर करने के बाद स्कूल से कुछ दूरी पर जमीन पर लेट गए। मामले की जानकारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी को दी गई, जिस पर वे तत्काल मौके पर संकुल समन्वयक को भेजे। जब तक संकुल समन्वयक मौके पर पहुंच पाते, तब तक शिक्षक मौके से जा चुका था। विद्यालय में शिक्षक की अनुपस्थिति और रजिस्टर में उपस्थिति थी। संकुल समन्वयक ने स्थानीय जनप्रतिधि संतलाल प्रजापति, रामलाल काशीपुरी, जुगेन्द्रर प्रसाद, शिवलाल प्रजापति, देवनारायण चौधरी, मंगलेश्वर प्रजापति, अनिल सिंह, राम प्रसाद प्रजापति, देवी चरण सिंह की उपस्थिति में संकुल समन्वयक ने पंचनामा बनाकर उक्त शिक्षक पर कार्रवाई के लिए शिक्षा कार्यालय भैयाथान में भेजा है।
बीईओ ने कहा
विकासखंड शिक्षा अधिकारी फूलसाय मरावी ने बताया कि शिक्षक के स्कूल में शराब पीकर आने की जानकारी वहां के जनप्रतिधि व ग्रामीणों ने दी। मौके पर संकुल समन्वयक को उन्होंने भेजा था, लेकिन तब तक शिक्षक स्कूल से जा चुका था। ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों का कहना है उक्त शिक्षक शराब का सेवन किया हुआ प्रतीत हो रहा था। मौके पर ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा बनाया गया है और शिक्षक के विरुद्ध उच्च कार्यालय को कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजा गया है।

Categorized in: