डेढ़ लाख की चपत लगाया चोर ने, पुलिस जांच में जुटी

गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। शहर के प्रतीक्षा बस स्टैंड में स्थित एक इलेक्ट्रानिक्स की दुकान में दूसरी बार चोरी की घटना हुई, इस दुकान में लगभग दो माह पूर्व भी चोरों ने धावा बोला था और बिजली के बोर्ड पर स्केच पेन से आई लव यू, 108 लिखा था, उसी दुकान में तीसरी बार चोरी की वारदात से जहां एक ओर दुकानदार परेशान है, वहीं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। चोरी की वारदात 29 नवंबर की रात हुई। दुकान की दीवार तोड़कर चोर ने लगभग डेढ़ लाख रुपये का सामान पार कर दिया। मामले की शिकायत दुकान संचालक ने कोतवाली थाने में की है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
जानकारी के मुताबिक गांधीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-3 निवासी गगन यादव की प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास अमर इंटरप्राइजेज नामक इलेक्ट्रॉनिक दुकान है। 29 नवंबर की रात को वह रोजाना की भांति दुकान बंद करके अपने घर चला गया था। रात में अज्ञात चोर दुकान की दीवार को क्षतिग्रस्त कर 60 बंडल वायर, दो ट्रीमर चोरी करके ले गए। 30 नवंबर को दुकान खोलने जब गगन पहुंचा तो दुकान के हालात देखकर उसके होश उड़ गए। दुकान संचालक ने बगल के दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज देखा तो पता चला कि एक चोर की करतूत कैमरे में कैद नजर आई। दुकान संचालक ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। दुकान संचालक का कहना है कि उसके दुकान में तीसरी बार चोरी की घटना हुई है। 13 अक्टूबर की रात को नकाबपोश चोर ने वारदात को अंजाम दिया था, उस दौरान लगभग दो लाख रुपये की चोरी हुई थी। तत्समय चोर ने बिजली के बोर्ड पर स्केच पेन से आई लव यू, 108 लिखा था। चोर ने ऐसा क्यों लिखा इसकी गुत्थी आज तक नहीं सुलझ पाई है।

Categorized in: