0 कलेक्टर के पास पहुंचे ग्रामीण

सुरजपुर। जिले में लटोरी के रूप में नई तहसील की सौगात मिलने के बाद तहसील भवन के निर्माण को लेकर दो अलग-अलग जगहों के मामले ने तुल पकड़ लिया है। जनप्रतिनिधियों के द्वारा पूर्व के खसरा नम्बर पर भूमि पूजन किये जाने के बाद पुन: दूसरे भू-खण्ड के आबंटन और प्रस्ताव से नाराज ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में कलेक्टर  के समक्ष उपस्थित होकर आपत्ति लगायी है। इस संबंध में पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि तहसील कार्यालय के निर्माण हेतु लटोरी के खसरा नम्बर-269 में तहसील कार्यालय भवन के निर्माण को प्रस्तावित किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि लटोरी में आम सभा का आयोजन कर तहसील कार्यालय के भण्डारपारा के खण्ड क्रमांक 1075 पर निर्माण किये जाने का प्रस्ताव सर्वानुमति से पारित हुआ था और पूरे गांव के लोगों को भी यही जानकारी दी गई थी। जबकि भू खण्ड क्रमांक 269 का प्रस्ताव किये जाने की जानकारी या सहमति किसी को नहीं है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत करते हुए कहा कि उक्त भू-खण्ड पर सामुदायिक भवन, पुलिस चौकी, तथा महिला सभागृह के भवन हैं तथा रियासत काल से ही उक्त स्थान पर प्रतिवर्ष दशहरे का त्योहार एवं स्थानीय कार्यक्रम आयोजित होते हैं। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया है कि रियासत काल में उक्त जमीन बंदोबस्त में जंगल एवं चमड़ा निकालने के स्थान के रूप में सुरक्षित है। जबकि उक्त भूमि को गौठान के लिए भी शासन चयनित कर चुका है। ऐसे में बहुत छोटे आकार के बचे भू-खण्ड में तहसील भवन का निर्माण उचित नहीं है। यहां पर तहसील कार्यालय भवन के निर्माण को औचित्यहीन बताते हुए आम सभा में पारित भूखण्ड पर ही तहसील कार्यालय बनाने की मांग की है तथा उसे भौगोलिक दृष्टि एवं आम जन मानस के हिसाब से सर्वोत्तम, उपर्युक्त एवं सुविधाजनक स्थान करार दिया है। ग्रामीणों का दावा यह भी है कि उक्त भू खण्ड के चारों ओर लगभग 25 एकड़ शासकीय भूमि है, जिस पर भविष्य में अन्य विकास की अवधारणाओं पर भी आगे बढ़ा जा सकता है और शासन के सभी कार्यालय एक स्थान पर होने पर प्रशासनिक कार्य भी सुगमता से होंगे। आवेदकों के साथ बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने इस आशय का ज्ञापन सौंप कलेक्टर सूरजपुर से सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की मांग की है। 

0कलेक्टर ने एसडीएम को दी जिम्मेदारी

लटोरी भवन की भूमि मामले को लेकर पिछले दिनों प्रवास पर लटोरी पहुंची कलेक्टर सुश्री इफफ्त आरा ने सूरजपुर एसडीएम रवि सिंह को इस आशय की जिम्मेदारी सौंपी है कि वे जल्द ही लटोरी तहसील कार्यालय भवन की भूमि का चयन कर आगे की कार्यवाही सुनिश्चित करें।

Categorized in: