बलरामपुर। रामानुजगंज पुलिस ने फोन पे की फर्जी कस्टमर केयर वेबसाइट बनाकर साइबर फ्रॉड करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपितों को झारखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपित फोन पे एप डाउनलोड कराने के बहाने खाते से पैसे गायब कर देते थे। इनके द्वारा मोबाइल फोन पर एनी डेस्क एप डाउनलोड करा ठगी की वारदात को अंजाम दिया जाता था।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना अंतर्गत ग्राम विजयनगर निवासी राम लखन गुप्ता ने अपने मोबाइल पर फोन पे चालू करने के लिए गूगल में कस्टमर केयर के हेल्प लाइन नंबर 98924 28956 पर फोन किया था। इस दौरान युवक के पास मोबाइल नंबर 96924 26956 से रिटर्न फोन आया और फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह अपने मोबाइल पर एनी डेस्क एप डाउन लोड कर ले, इसके बाद वह मोबाइल पर फोन पे चालू कर देगा। झांसे में आकर युवक ने मोबाइल पर एनी डेस्क डाउनलोड किया और अपने मोबाइल का एक्सेस आरोपितों को दे दिया, इसके बाद उसके एचडीएफसी खाते से 21 हजार व स्टेट बैंक के खाते से 10 हजार रुपये फर्जी तरीके से आहरित हो गए। मामले की शिकायत युवक ने 19 मई को पुलिस से की थी।
आरोपित झारखंड से हुए गिरफ्तार
मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने पर पुलिस की साइबर टीम ने ठगों का लोकेशन प्राप्त किया, जो झारखंड का मिला। जांच में जुटी पुलिस को आरोपितों के बनगोड़ा क्षेत्र में होने की सूचना मिली, इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन व सूचनाओं के आधार पर दबिश देकर झारखंड के बनगोड़ा अडरिया निवासी 19 वर्षीय पल्टू दास व देवघर के देवीपुर निवासी 32 वर्षीय पंकज दास को धारा 420, 34 व 66 डी आइटी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है।

Categorized in: