बिश्रामपुर। एनएच किनारे स्थित छग विद्युत मंडल की भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने अतिक्रमणकारियों की होड़ लग गई है। नायब तहसीलदार व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। गौरतलब है कि ग्राम पंचायत सतपता में स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड 132/33 केव्ही उपकेंद्र बिश्रामपुर के शासकीय भूमि पर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 किनारे इनदिनों अवैध अतिक्रमण किए जाने लोगों की होड़ लग गई है। शनिवार को बड़ी संख्या में अतिक्रमणकारियों ने मौके पर पहुंच अपना कब्जा दिखाए जाने हेतु शासकीय भूमि पर घेराबंदी कर दिया गया था। विद्युत विभाग के अधिकारियों की सूचना पर पिलखा नायब तहसीलदार अंकिता तिवारी, थाना प्रभारी केडी बनर्जी के नेतृत्व में टीम ने मौके पहुंचकर विद्युत अधिकारी की उपस्थिति में तत्काल अवैध रूप से अतिक्रमण हेतु किए गए घेराबंदी को हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान उपस्थित स्थानीय लोगों ने मांग किया कि यदि इस जगह पर कार्रवाई की जा रही है तो लंबे समय से अवैध अतिक्रमण किए गए अन्य स्थानों से भी अतिक्रमण हटवाया जाए। लोगों का कहना था कि उक्त विद्युत मंडल की ही शासकीय भूमि पर पूर्व में 2-3 लोगों द्वारा जो अतिक्रमण कर लिया गया है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। जिस पर नायब तहसीलदार ने आश्वस्त किया कि जल्द ही उक्त शासकीय भूमि से सभी अतिक्रमण हटवाए जाएंगे। साथ ही नायब तहसीलदार व थाना प्रभारी द्वारा विद्युत अधिकारी से जल्द ही अपनी भूमि पर अहाता निर्माण कराए जाने हेतु सुझाव भी दिया गया, जिससे शासकीय भूमि पर आएदिन हो रहे बेजा कब्जा पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके। इस दौरान विद्युत अधिकारी के अलावे पुलिसकर्मी व स्थानीय आमजन उपस्थित थे। 

Categorized in: