प्रतापपुर। वन परिक्षेत्र प्रतापपुर के सर्किल धरमपुर, गणेशपुर बीट अंतर्गत आने वाले जंगल में की गई कटाई का मामले सामने आने के बाद वन विभाग कुंभकर्णी निद्रा से जागा है। मौके पर एसडीओ वन आशुतोष भगत टीम के साथ पहुंचकर कटाई का मुआयना किए व जांच दल गठित कर दोषी कर्मचारियों के ऊपर कार्रवाई करने की बात कही है।
वन परिक्षेत्र के सर्किल धरमपुर, गणेशपुर बीट अंतर्गत आने वाले जंगल में दर्जनों परिपक्व पेड़ों को माफियाओं द्वारा काटा गया है। एक ओर शासन वनों की देखभाल के लिए करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा रही है। वनों के संरक्षण हेतु कई अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन वन परिक्षेत्र अंतर्गत माफिया मिलीभगत कर बेधड़क जंगलों की कटाई में लगे हैं, इनके द्वारा अंतर्राज्यीय तस्करी की जा रही है, वही वनों की कटाई के बाद वन भूमि पर अपना आधिपत्य जमा रहे हैं, इसके बाद भी विभाग हाथ पर हाथ रखे बैठा है। उप वन मंडल अधिकारी आशुतोष भगत ने मौके पर पहुंचकर तत्काल जांच टीम गठित करने की तत्परता दिखाई है। उन्होंने जितने भी पेड़ों की कटाई हुई है उसकी गणना कर लकड़ी रिकवरी करने व जंगल में पड़ी लकडिय़ों की गणना कर कार्रवाई करने की बात कही है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि वन संपदा का अवैध दोहन करने वालों व इन्हें संरक्षण देने वालों पर कार्रवाई की गाज गिरेगी।  

Categorized in: