रायपुर, 23 सितंबर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने एक बयान दिया था कि रुपया उसी देश का गिरता है, जहां की सरकार भ्रष्ट और गिरी हुई होती है। अब मोदी बताएं कि उनकी सरकार कितनी गिरी हुई और कितनी भ्रष्ट है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार और रुपया के गिरने में होड़ लगी है।

मरकाम ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों का प्रभाव हर सेक्टर में दिख रहा है जिसके कारण दिन-ब-दिन अर्थव्यवस्था तबाह हो रही है और रुपया कमजोर हो रहा है। सरकारी कंपनियों का लगातार निजीकरण हो रहा है और प्राइवेट सेक्टर कंपनियों पर लगातार ताला लगते जा रहा है। उद्योगपतियों का लाखों करोड़ों का कर्जा माफ किया जा रहा है। रोजगार लगातार खत्म हो रहे हैं और महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। उन्हाेंने कहा कि वर्तमान में डॉलर के मुकाबले रुपया 80.79 अब तक के सबसे निचले स्तर पर गिर चुका है, साथ ही और भी गिरने की संभावना बनी हुई है। केंद्र सरकार की दिशाहीन नीतियां ऐसी ही बनी रहीं तो वह दिन दूर नहीं जब डॉलर के मुकाबले रुपया सौ के बराबर पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में अर्थव्यवस्था पर मोदी सरकार आने से पहले रुपए का मूल्य 1 डॉलर के मुकाबले 58 रुपये था। उस समय नरेन्द्र मोदी कहते थे कि रुपये की मजबूती के लिए मोदी जरूरी है। मगर केंद्र सरकार भारतीय रुपये के लिए वायरस सिद्ध हुई और उसे लगातार कमजोर बनाती जा रही है। सेना बैंक और रेलवे इत्यादि बड़े पैमाने पर रोजगार देते हैं मगर इन सभी विभागों पर निजीकरण का संकट मंडरा रहा है।

Categorized in: