अंबिकापुर। कोतवाली पुलिस ने घर के बाहर खड़ी स्कूटी की चोरी करने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देशन में अर्पण-एक उम्मीद अभियान के तहत 13 अगस्त को इसे वाहन मालिक के सुपुर्द किया जाएगा।जानकारी के मुताबिक नीतू सिंह ने बरेज पारा में घर के बाहर से स्कूटी चोरी के संबंध में लिखित रिपोर्ट थाना कोतवाली में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध कायम कर विवेचना में लिया था। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता ने दोपहिया वाहनों की चोरी के आरोपितों की पतासाजी व गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में कोतवाली प्रभारी भारद्वाज सिंह ने चोरी हुई स्कूटी के संबंध में जानकारी हासिल करने मुखबिर तैनात किए थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संदेही को घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ की तो उसने अपना नाम प्रिंस गुप्ता उर्फ बोधु बताया। आरोपित ने बरेजपारा में घर के बाहर से स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने स्कूटी को उसके घर से बरामद किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली भारद्वाज सिंह, सउनि विवेक पांडेय, आरक्षक सत्येंद्र सिंह, विकास सिंह, अमित विश्वकर्मा शामिल रहे।

Categorized in: