0 सड़क बनवाने का दिलाया भरोसा

सुरजपुर (चंचलेश श्रीवास्तव)। जिले के ओड़गी विकासखंड के ग्राम आनंदपुर के पंडो बहुमूल्य बस्ती इमलीपारा व बहेराडाड में सड़क के आभाव में सर्पदंश की शिकार पंडो जनजाति की महिला को सड़क तक ले जाने करीब 3 किमी का सफर खाट पर तय करने के समाचार प्रकाशन पश्चात कुम्भकर्णीय नींद से जागे क्षेत्रीय विधायक पारस राजवाड़े ने क्षेत्र का दौरा कर सडक निर्माण की घोषणा की है। आजादी के इतने लंबे अंतराल के पश्चात भी जिले के दूरस्थ बिहारपुर क्षेत्र के कई गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।

क्षेत्र के विकास के लिए लंबी लंबी डींगें हांककर अपने मुंह मिया मिट्ठू बनने वाले क्षेत्र के विधायक को मानो इन गांवों के लोगो से कोई सरोकार नहीं था। अगर होता तो ग्रामीणों को अदद सड़क जैसी सुविधा के लिए दो चार नहीं होना पड़ता और स्वास्थ्य सुविधा के लिए खाट का सहारा नहीं लेना पड़ता। आपको बता दें कि पिछले दिनों जिले के ओड़गी ब्लॉक के आनंदपुर ग्राम के इमलीपारा की पंडो जनजाति महिला सोनकुवंर पंडो पति बृजलाल पंडो उम्र लगभग 30 को घर पर सर्प ने फूंक मार दिया था। जिससे महिला बेहोश हो गई थी।उक्त मोहल्ले में सड़क नहीं होने के कारण उसे बेहोशी की हालत में खाट पर परिजन ढोकर लगभग तीन किलोमीटर चलकर पहुंच मार्ग पर लाया गया था। जिसके बाद महिला को ओड़गी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां उसका समुचित उप हार किया गया तब कहीं जाकर महिला की जान बच सकी थी। पंडो बहुमूल्य इस मोहल्ले के लोग सड़क के आभाव में बरसात के दिनों में नरकीय जीवन जीने को विवश हो जाते है। महिला को खाट पर पहुंच मार्ग तक ले जाने की खबर सुर्खियां बनी थी।जिसके बाद शासन प्रशासन समेत आला अधिकारी हरक़त में आये है। खबर के बाद क्षेत्र के विधायक पारस राजवाड़े भी कुम्भकर्णीय नींद से जागे और सड़क विहीन इस गांव में पहुंचे थे। बताया गया है कि विधायक आनंदपुर के इमलीपारा व बहेराडाड में लगभग तीन किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे थे। जहां उनके द्वारा सड़क निर्माण हेतु तत्काल घोषणा किया गया। जिसको लेकर ग्रामीणों में कुछ उम्मीदें जगी है कि शायद उन्हें अब सड़क नसीब हो सकेगी और नरकीय जीवन से छुटकारा मिल सकेगा।

इस दौरान ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम कुशवाहा, मनिहारी लाल पैकरा अध्यक्ष ज.पं. , शिवबालक यादव उपाध्यक्ष जप , लवकेश गुर्जर महामंत्री, हिमेंद्र गुर्जर अध्यक्ष युवा कांग्रेस, रामकुमार बंछोर उपाध्यक्ष सर्व आदिवासी समाज, राजेश साहू, बसंत लाल पंडो, रामकुमार राजवाड़े, राजधानी राजवाड़े समेत ग्रामीण जन उपस्थित रहे‌। ग्रामीणों ने इस समस्या के समाधान की दिशा में पहल पर मीडिया का आभार व्यक्त किया है।

Categorized in: