कलकत्ता में राशन कार्ड बनाने का काम दिलाने का झांसा देकर व्यवसायी से ठगे 15 लाख 
0 अम्बिकापुर व बैकुंठपुर से धराये आरोपी
0 कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
सूरजपुर। कलकत्ता पश्चिम बंगाल में राशन कार्ड बनाने का काम दिलाने का झांसा देकर व्यवसायी से 15 लाख रूपये ठगी करने वाले 2 आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने अम्बिकापुर व बैकुंठपुर से गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि 13 जुलाई को नगर के में रोड  निवासी विष्णु अग्रवाल ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 3 माह पूर्व मनोरा जशपुर निवासी दानिश जेया उर्फ विक्की व भट्टीपारा बैकुण्ठपुर निवासी कुनाल गुप्ता  के द्वारा कलकत्ता पश्चिम बंगाल में राशन कार्ड बनाने का काम दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करते हुए 15 लाख रूपये लिया गया है।  रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 420,34 के तहत मामला पंजीबद्ध किया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक  रामकृष्ण साहू ने आरोपियों को दबिश देकर जल्द पकड़ने के निर्देश थाना प्रभारी को दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर व एसडीओपी  गीता वाघवानी के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने अम्बिकापुर से दानिश जेया उर्फ विक्की पिता शेख मोहम्मद अली उम्र 32 वर्ष निवासी मनोरा, जशपुर तथा बैकुण्ठपुर से कुनाल गुप्ता पिता दिनेश गुप्ता उम्र 24 वर्ष निवासी भट्टीपारा बैकुण्ठपुर को पकड़ा। पूछताछ पर आरोपियों ने धोखाधड़ी को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों ने बताया कि उनके द्वारा रायपुर में भी लोगों के साथ राशन कार्ड बनवाने का काम दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी किया गया है। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। पुलिस के द्वारा आरोपियों के बैंक खातों की जांच की जा रही है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रकाश राठौर, एसआई गजपति मिर्रे, प्रधान आरक्षक तालीब शेख, अदीप प्रताप सिंह, आरक्षक कैलाश यादव सक्रिय रहे।

Categorized in: