अंबिकापुर। सरगुजा जिले में पुलिस का खौफ अपराधियों में खत्म हो चुका है। पुलिस टीम पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी में जिले में एक और घटना सामने आई है, जिसमें नोटिस तामिल कराने गए पुलिस टीम पर ग्रामीण व उसके दो पुत्रों ने हमला कर दिया। इस दौरान थाना प्रभारी को टांगी व डंडा लेकर मारने के लिए दौड़ाया गया वहीं एक आरक्षक का पत्थर से हमला कर सिर फोड़ने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पहुंचे पुलिस बल ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार कमलेश्वरपुर, मैनपाट थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह दो आरक्षकों विजय प्रताप व देवदत्त सिंह के साथ थाना क्षेत्र के ग्राम लुरैना में रहने वाले ज्ञानी यादव के घर टोनही प्रताड़ना के तहत दर्ज अपराध के संबंध में नोटिस तामिल कराने गए थे। सुबह नौ बजे गांव पहुंची पुलिस टीम ने ज्ञानी यादव के घर के पास पहुंचने के बाद उसे नोटिस देने के लिए बुलाया। पुलिस के आने की जानकारी पर ज्ञानी यादव के साथ उसके दो पुत्र नारायण यादव व नारद यादव आए और बार-बार परेशान करने का आरोप लगाते हुए पुलिस टीम पर गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इस दौरान बाक्साइड पत्थर से वार कर आरोपितों ने आरक्षक विजय प्रताप सिंह का सिर फोड़ दिया और दूसरे आरक्षक पर भी हमला कर दिया। दूसरे आरक्षक ने वहां से भागकर स्वयं को बचाया। इसके बाद ज्ञानी यादव टांगी लेकर तथा उसके दोनों पुत्र लाठी-डंडा, पत्थर लेकर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह को मारने के लिए दौड़ पड़े जिस पर थाना प्रभारी भी बचाव के लिए दौड़े। शोर-शराबा सुनकर आसपास के अन्य ग्रामीण जुटने लगे तो आरोपी पिता-पुत्र वहां से घर की ओर भागे। इसके बाद आहत आरक्षक विजय प्रताप सिंह को उपचार के लिए मैनपाट अस्पताल ले जाया गया जहां पर चिकित्सक ने उसे भर्ती कर लिया है। घटना के बाद थाना प्रभारी ने मामले की सूचना थाने में और वरिष्ठ अधिकारियों को दी, जिस पर मैनपाट थाने से दर्जन भर पुलिस कर्मी पुनः थाना प्रभारी के साथ ग्राम लुरैना पहुंचे, जहां पुलिस ज्ञानी यादव व उसके दोनों पुत्रों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में शासकीय कार्य में बाधा व हत्या के प्रयास सहित आधा दर्जन धाराओं के तहत आरोपित पिता व उसके दोनों पुत्रों पर अपराध दर्ज करते हुए तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
बयान-
ज्ञानी यादव व उसके दो पुत्रों ने नोटिस तामिल कराने गई पुलिस टीम पर हमला किया था, हमले में एक आरक्षक को चोंटें आई हैं, जिसका सीटी स्कैन कराया जा रहा है। घटना के बाद आरोपितों पर अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
शिशिर कांत सिंह
थाना प्रभारी, मैनपाट

Categorized in: