अभियान की शुरूआत सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले से
मुख्यमंत्री सामरी विधानसभा क्षेत्र के कुसमी के बाद शंकरगढ़ और बरियों गांव में पहुंचेंगे: रात्रि विश्राम राजपुर में करेंगे
’भेंट-मुलाकात’ अभियान में सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे मुख्यमंत्री
हर विधानसभा क्षेत्र के 3-3 गांवों में जाएंगे और किसी एक गांव में रात्रि विश्राम भी करेंगे
अंबिकापुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज राजधानी रायपुर के पुलिस लाइंस हेलीपेड से प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आमजनता, जनप्रतिनिधियों और समाज प्रमुखों से ’भेंट-मुलाकात’ के अभियान पर कुसमी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अभियान की शुरूआत सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले से की है। श्री बघेल का पहला पड़ाव सामरी विधानसभा क्षेत्र रहा। मुख्यमंत्री बलरामपुर जिले के सामरी विधानसभा क्षेत्र में कुसमी के बाद शंकरगढ़ और बरियों गांव में पहुंचेंगे तथा रात्रि विश्राम राजपुर में करेंगे। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने ’भेंट-मुलाकात’ के अभियान में रवाना होने से पहले मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि कोरोना के कारण एक लंबे अरसे से लोगों के बीच जा नही पाए थे, हालांकि पिछले वर्ष सामाजिक संगठनों की बैठक में शामिल होने का मौका मिला। भ्रमण के दौरान शासकीय योजनाओं की धरातल पर स्थिति की जानकारी लूंगा। उन्होंने कहा कि आम जनता से और जनप्रतिनिधियों से मिलने से योजनाओं के बारे में जानकारी मिलती है, क्या संशोधन होना चाहिए, क्या जुड़ना चाहिए, इसकी जानकारी मिलती है। भ्रमण के दौरान गांवों में हुए अच्छे कार्यो के साथ वहां की समस्याओं के बारे में भी जानकारी मिलेगी। मेरी कोशिश होगी कि अधिक से अधिक समय लोगों के साथ बिताऊं। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान वे पीडीएस दुकान, पंचायत कार्यालय, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केन्द्र, थाने, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, नगर पंचायत के दफ्तर जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले के प्रभारी मंत्री और क्षेत्र के विधायक भी भ्रमण के दौरान उनके साथ होंगे। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ.शिवकुमार डहरिया भी मुख्यमंत्री के साथ रवाना हुए।
श्री राम जानकी मंदिर में मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कुसमी पहुँचते ही हैलीपेड के  सामने स्थित कुसमी थाना निरीक्षण का निरीक्षण करने के लिए पहुँचे।
थाना परिसर में प्रवेश करते ही मुख्यमंत्री ने श्री राम जानकी मंदिर में पूजा अर्चना कर भेंट मुलाकात कार्यक्रम की शुरुआत की ।
पुलिस परिवारों से की मुलाकात, बच्चों को बांटी चॉकलेट
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने थाना परिसर में पुलिस कर्मियों के परिजनों ने मुलाकात की और उन्हें साप्ताहिक अवकाश तथा पुरानी पेंशन योजना लागू करने के लिए धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रोटोकॉल तोड़ते हुए अपनी गाड़ी से नीचे उतरे और लोगों के बीच जा पहुंचे और उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। पुलिस से संबंधित कोई समस्या तो नहीं, इसके बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कुसमी थाने में मालखाना का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने शासकीय उचित मूल्य दुकान कुसमी का किया निरीक्षण
राशन दुकान में मौजूद हितग्राहियों से मुख्यमंत्री ने मुलाकात कर राशन वितरण से संबंधित जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने राशन दुकान का स्टाक रजिस्टर चेक किया। राशन के स्टाक की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों से राशन के दर के बारे में पूछा।
मुख्यमंत्री ने कुसमी नगर पंचायत के सीएमओ को सस्पेंड करने के दिए निर्देश
शशिकला नाम की महिला ने गरीबी रेखा से नाम कटने की मुख्यमंत्री बघेल से की शिकायत।राशन कार्ड के लिए भटक रही थी महिला। मुख्यमंत्री ने कुसमी नगर पंचायत के सीएमओ को निलंबित करने के दिए निर्देश।

Categorized in: