भाजपा नेत्री के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने सदर कोतवाली पहुंचे ग्रामीण
अंबिकापुर। विभिन्न शासकीय संस्थानों में नौकरी लगाने का झांसा देकर 74.24 लाख रुपये से अधिक वसूलने की शिकायत लेकर भाजपा नेत्री फुलेश्वरी सिंह के साथ ग्रामीण सदर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने बताया कि अंबिकापुर के एक व्यक्ति द्वारा नौकरी लगवा देने का झांसा देकर उनसे छलपूर्वक लाखों रुपये लिए गए, इसके बाद आज तक उन्हें नौकरी नहीं मिल पाई है। ग्रामीणों ने जिस व्यक्ति के द्वारा लाखों रुपये वसूलने की जानकारी दी है, उसके विरूद्ध पुलिस ने हाल में लाइनमैन की नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने के मामले में चार सौ बीसी का अपराध दर्ज किया है। इसके बाद अन्य ग्रामीण भी सामने आने लगे हैं, जो छल का शिकार हुए हैं।
पुलिस को सौंपे गए शिकायत पत्र में बताया गया है कि आरोपित मृगांक कुमार सिन्हा पिता सुनील सिन्हा निवासी केदारपुर अंबिकापुर का रहने वाला है, जो शैलेंद्र राजवाड़े, पारो एवं मंजू निवासी ग्राम कंचनपुर से 46 लाख रुपये, हरिलाल पिता पालराम निवासी चरगढ़ से पांच लाख 50 हजार रुपये, सुनील पिता विजय से सात लाख 80 हजार रुपये, प्रदीप पैकरा पिता प्रभु पैकरा निवासी बकना से चार लाख 50 हजार रुपये, मोहन साय पिता तीजन निवासी ग्राम तुलसी से 10 लाख 44 हजार रुपये विभिन्न विभागों में नौकरी लगवाने के नाम पर लिया। ग्रामीणों से आरोपित उक्त रकम अपने खाते में स्थानांतरित करवाया था। नवंबर 2021 से छह अप्रैल 2022 तक लगातार आरोपित ने इनसे अंबिकापुर के केदारपुर मोहल्ले में नौकरी का झांसा देकर राशि प्राप्त की है। आरोपित के द्वारा नौकरी के लिए बार-बार पैसा मांगा जा रहा था, इसके बाद सभी ने मांग के अनुरूप मृगांक सिन्हा के खाते में रकम डाला। बताया गया है कि इस कार्य में मृगांक सिन्हा ने अमित पैकरा पिता शिवशंकर पैकरा निवासी ग्राम बकना खुर्द को अपना माध्यम बनाया है। ग्रामीणों ने सरकारी नौकरी के प्रलोभन में आकर बैंक, समूह व अपने रिश्तेदारों से कर्ज लेकर उक्त रकम दी है। मृगांक खुद को मंत्रालय रायपुर तक पहुंच होना बताकर धोखाधड़ी का शिकार ग्रामीणों को बनाया। उसकी बातों से प्रभावित होकर ग्रामीण रकम देते गए और कर्ज में डूब गए। नौकरी नहीं मिलने पर सभी ग्रामीण उसके तलाश में निकले तो पता चला कि मृगांक सिन्हा एक ठग है। उसके द्वारा कई लोगों से नौकरी के नाम पर ठगी की जानकारी मिलने पर इनके होश उड़ गए। ग्रामीणों का कहना है कि रुपये वापस देने के लिए जब उन्होंने कहा तो किसी भी केस में फंसाने की धमकी देने लगा। कोतवाली प्रभारी भारद्वाज सिंह ने इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद उनके निर्देशन में आरोपित के विरूद्ध पृथक से अपराध दर्ज कर लिया है।

Categorized in: