तीन आरोपितों को भेजा जेल, घटना में प्रयुक्त कार जप्त
अंबिकापुर। दो किशोरियों को रघुनाथनगर पुलिस ने मध्य प्रदेश के खजुराहो से बरामद किया है। तीन आरोपितों को पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है।
बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना अंतर्गत 31 मार्च को ग्राम हरिगंवा की दो नाबालिग लड़कियों को अज्ञात आरोपित बहला-फुसलाकर अपहरण कर कहीं ले गए थे। स्वजनों की रिपार्ट पर एक मार्च 2022 को थाना रघुनाथनगर में धारा 363 का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। इस दौरान पता चला कि अपहृताओं को हरिगंवा का समबिलास प्रजापति, राजस्थान के कालू राम नामक व्यक्ति के साथ राजस्थान भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर रामकृष्ण साहू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील नायक के निर्देशन व पुलिस अनुविभागीय अधिकारी वाड्रफनगर अनिल विश्वकर्मा के मागदर्शन तथा थाना प्रभारी रघुनाथनगर कृष्णा पाटले के नेतृत्व में पुलिस टीम अपहृताओं की बरामदगी एवं आरोपितों की गिरफ्तारी हेतु दो अप्रैल को मध्यप्रदेश एवं राजस्थान रवाना हुई। पुलिस टीम द्वारा लगातार आरोपियों की पतासाजी करते हुए पांच अप्रैल को आरोपित कारुलाल उर्फ कालू राम पिता स्व.मन्नालाल (53) एवं आरोपित सुरेश चंद पिता कारुलाल उर्फ कालूराम (28) निवासी ग्राम श्यामपुरा थाना सदर झालरापाटन जिला झालवाड़ा राजस्थान को अपहृताओं को राजस्थान कार क्रमांक आरजे 28 सीए 8003 से ले जाते हुए खजुराहो मध्य प्रदेश में पकड़ा, इनके कब्जे से अपहृताओं को बरामद कर सकुशल परिजनों को सौंपा गया है। आरोपी कारुलाल उर्फ कालूराम पिता स्व.मन्नालाल व सुरेश चंद पिता कारुलाल उर्फ कालूराम 28 वर्ष निवासी ग्राम श्यामपुरा थाना सदर झालरापाटन जिला झालवाड़ा राजस्थान एवं रामबिलास प्रजापति पिता स्व. मिठाईलाल (45 ) निवासी हरिगवां थाना रघुनाथनगर को धारा 363, 366, 366 (क), 365, 370 (4) के तहत् अपराध पंजीबद्ध करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कृष्णा पाटले, सहायक उपनिरीक्षक गिरीश सहाय, आरक्षक संजय जायसवाल, सुमंत पटेल सायबर सेल से निकुंज शामिल रहे।

Categorized in: