अंबिकापुर। हिंदू नव वर्ष के साथ साथ भगवान झूले लाल की जयंती पर सिंधी समाज ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर स्थानीय सिंधु भवन में एकत्रित होकर अति उत्साह और धूमधाम से श्री झूलेलाल का जन्म उत्सव मनाया। विगत 2 वर्षो से कोरोना की वजह से शहर में ऐसा आयो6नहीं हो पाया था। सिंधी समाज के इस उत्साहपूर्ण कार्य ने एक बार फिर से उत्साह का संचार कर दिया। विगत एक सप्ताह से स्थानीय सिंधु भवन में चल रहे रंगारंग कार्यक्रमों ने एक विशाल उत्सव का रूप लिया, जिसमे सिंधी समाज के साथ अन्य समाज के लोगों ने भी मिलकर इसका आनंद लिया। आनन्द मेले के विभिन्न व्यंजनों के साथ प्रसाद ग्रहण भक्तो ने किया। दोपहर में सिंधी समाज के महिला एवं पुरुष सदस्यों द्वारा मोटरसाइकिल रैली निकालकर जय झूले लाल के नारे लगाए गए।
नगर के विभिन्न चौराहों में प्रसाद स्वरूप चने और शरबत का वितरण किया गया। शाम को भगवान झूले लाल की विशाल शोभा यात्रा निकाली गई। धमाल की धूम और सतरंगी प्रकाश के आगे सभी थिरकते नजर आए।सायंकाल को रोशनी से जगमगाती झूमती-नाचती शोभायात्रा का जगह-जगह समाज के लोगों ने स्वागत किया। विभिन्न समाज के लोगों ने भी जगह-जगह शोभायात्रा के स्वागत में नाश्ते-पानी की व्यवस्था की थी। प्रबुद्ध जनों के अनुसार सिंधी समाज के इस कार्यक्रम से विगत दो वर्षों से कोरोना से हतोत्साहित जनता में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। भविष्य में प्रत्येक उत्सव को हर्ष व उल्लास के साथ पर्व मनाने की प्रेरणा मिली है।

Categorized in: