पिता और बेटी की हो चुकी है मौत, डेढ़ वर्षीय पुत्र का चल रहा उपचार


अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के गोधनपुर स्थित वसुंधरा विहार कॉलोनी निवासी सुदीप मिश्रा पिता डीके मिश्रा (40) वर्ष के द्वारा छह मार्च को फांसी लगा खुदकुशी करने और अपने बच्चों को जहर खिलाने के मामले में पुलिस जांच में जुटी है। जांच व छह पन्ने के सुसाइड नोट को पढ़ने के बाद पुलिस की जांच में तेजी आई है।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने बताया कि संपूर्ण घटनाक्रम में सुदीप मिश्रा की मृत्यु फांसी लगाने के कारण हुई है, उनकी लड़की सृष्टि मिश्रा की भी मौत जहर सेवन से हो गई है। पुत्र कृष्य मिश्रा अभी हॉस्पिटल में भर्ती है। मृतक सुदीप मिश्रा के द्वारा एक 6 पन्ने के सुसाइड नोट की पुष्टि करते हुए एएसपी ने बताया कि इसमें मरने का कारण स्पष्ट करते हुए सुदीप ने लिखा है कि उसका एक हार्डवेयर का दुकान था, जिसमें उसकी आवक उतनी नहीं थी कि वह अतिरिक्त घर बना सके, जबकि उसकी पत्नी लगातार मकान बनाने हेतु उसे एक साल से विवाद करती आ रही थी। इसके लिए उसने अपनी मां से भी कुछ पैसा लेना बताया है परंतु वह राशि पर्याप्त नहीं थी, जिससे कि वह मकान बना सके। इस कारण उसने पैसों का इंतजाम कहां से हो यह कोशिश करने लगा, लेकिन पैसे का इंतजाम नहीं हो पाया। इस बीच उसने ऑनलाइन गैंबलिंग भी शुरू कर दिया और उस वह लाखों रुपये हार गया। मोबाइल को परीक्षण करने पर उसके मोबाइल में तीन पत्ती गोल्ड ऑनलाइन गेम डाउनलोड होना पाया गया, जिसमें विगत 15 दिनों में ही दो लाख रुपये के लगभग राशि हारना प्रदर्शित हो रहा है। पूर्व का रिकॉर्ड भी इसमें पुलिस खंगाल रही है। उक्त संबंध में तीन पत्ती डॉट कॉम को भी विधिक नोटिस पुलिस जारी कर रही है। एएसपी ने बताया कि जिला चिकित्सालय में मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, और मर्ग जांच की कार्रवाई थाना गांधीनगर में शुरू हो चुकी है।

Categorized in: