महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पहल करने कहा
अंबिकापुर। अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू सरगुजा जिले के दौरे पर हैं। उन्होंने कलेक्टर संजीव कुमार झा और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना जल जीवन मिशन की समीक्षा की। वे ग्राम सोहगा, भिट्ठीकला, सुखरी और कालापारा पहुंचकर जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण किए, साथ ही रखरखाव से संबंधित तकनीकी जानकारी भी एकत्र की।
जल जीवन मिशन के तहत गांव, स्कूल, आंगनबाड़ी, हेल्थ सेंटर और आश्रम, शाला में सुगम तरीके से पानी पहुंचाने की योजना है, जिसके तहत सरगुजा जिले के अलग-अलग गांव में इसके कार्य किए जा रहे हैं। अपने दौरे के दौरान अपर मुख्य सचिव ने निर्माण कार्यों की जानकारी तो ली ही साथ ही इसके रखरखाव के लिए ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा कर लोगों को जागरूक करने निर्देशित किया, ताकि ग्रामीणों को आसानी से जल मिल सके। उन्होंने सही तरीके से जल का संरक्षण एवं संवर्धन किया जा सके इसके लिए तकनीकी जानकारी के साथ ही आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए। इस योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए ग्राम सभा को सशक्त माध्यम बताया। इसके अलावा सोहगा गौठान का निरीक्षण करते हुए अपर मुख्य सचिव ने यहां चल रहे कार्यों की सराहना की। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि अलग-अलग कार्यों में अधिक से अधिक संख्या में महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की भागीदारी बढ़ सके इसके लिए प्रयास किए जाएं। सरगुजा जिले में 14 फरवरी से स्कूलों के रिओपन को देखते अपर मुख्य सचिव कालापारा स्थित एक स्कूल में अचानक पहुंचे और यहां का निरीक्षण कर शिक्षकों और छात्रों से बात भी की। इस दौरान अपर मुख्य सचिव के साथ कलेक्टर सरगुजा संजीव कुमार झा, जिला पंचायत के सीईओ विनय लंगेह समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Categorized in: