सीसीटीवी में कैद हुई आरोपितों की करतूत
अंबिकापुर। एक निजी संस्थान में काम करने वाला युवक रुपये की वसूली के लिए निकला था। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह मूर्छित होकर मोटरसाइकिल सहित गिर गया। उसे गिरे देख मोटरसाइकिल में सवार दो युवक पहुंचे औऱ रुपये से भरा बैग लेकर भाग निकले। मोटरसाइकिल सवार युवकों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। घटना की जानकारी संस्थान के संचालक के साथ कोतवाली पहुंचे कर्मचारी ने दी है।
जानकारी के मुताबिक अंबिकापुर के घुटरापारा का आकाश यादव अग्रसेन वार्ड में एक निजी संस्थान में काम करता है। 31 जनवरी को वह शहर के दुकानों से रुपये कलेक्शन के लिए निकला था। रुपये कलेक्शन के लिए वह रामानुजगंज रोड में स्थित ग्राम सोनपुर निकला था। कलेक्शन के 64 हजार रुपये को बैग में लेकर आते समय खनिज विभाग के बेरियर के करीब तबीयत ठीक नहीं लगने पर एक होटल में नाश्ता किया और मोटरसाइकिल में बैठकर आराम करने लगा। लगभग 10 मिनट के अंतराल में उसे चक्कर आया और वह मूर्छित होकर बाइक सहित गिर गया। इस दौरान कलेक्शन के रुपये का बैग भी वहीं फेंका गया था। मोटरसाइकिल सवार को गिरे देख मार्ग से गुजर रहे दो बाइक सवार पहुंचे और बैग को टटोला।मौके पर लग रही भीड़ को देख दोनों युवक बैग से रुपये निकाल खाली बैग को छोड़कर वे गायब हो गए। बेहोश युवक को अस्पताल लाया गया, स्थिति में सुधार होने के बाद उसने संस्थान के मालिक को रुपये संग्रह कर आते वक्त चक्कर आने से अचेत होने की जानकारी दी। संस्थान के स्वामी ने कर्मचारी के साथ थाने आकर बैग से रुपये गायब होने की घटना से पुलिस को अवगत कराया। अचेत युवक के द्वारा कलेक्शन किए गए रुपये को मोटरसाइकिल सवार युवकों के द्वारा ले जाने की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हुई है।

Categorized in: