कलेक्टर श्री धावड़े ने जिले में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम का किया गठन

कोरिया /. कलेक्टर श्री श्याम धावड़े की अध्यक्षता में आज  कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले में क़ानून व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री संतोष सिंह भी मौजूद रहे। कलेक्टर एवं एसपी ने बैठक में मौजूद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीएम, एवं पुलिस व राजस्व के अधिकारियों को आपस में समन्वय कर जिले में होने वाली हर घटना पर नज़र रखने और अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री धावड़े ने बैठक में कहा कि वर्तमान समय सोशल मीडिया का है। सोशल मीडिया सूचना के प्रसार के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। इसके फायदे के साथ नुकसान भी हैं।असामाजिक तत्वों द्वारा इसका इस्तेमाल किया जा रहा है, जो अप्रिय स्थितियों का कारण बनते हैं। इन स्थितियों से निपटने एवं जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम गठित की गई है। उन्होंने बैठक में कहा कि राजस्व एवं पुलिस की टीम समन्वय कर निरीक्षण करें। संवेदनशील क्षत्रों का चिन्हांकन करें और यहां नज़र बनाये रखें।आगामी निवार्चन को देखते हुए अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। एसपी श्री सिंह ने भी अधिकारियों को सूचना तंत्र मजबूत करने कहा। उन्होंने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान करें जिनसे अप्रिय स्थिति बन सकती है। त्यौहारों के इतर भी शांति समिति, व्यापारिक संगठनों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जिले में उचित व्यवस्था बनाये रखने पर चर्चा करें।
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि जिले में बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी और पहचान रखें।ऐसे व्यक्ति जिन पर बार-बार आपराधिक मामले दर्ज हों, उन्हें जिला बदर करने के प्रकरण तैयार करें। कोटवार सूचना तंत्र को फिर सक्रिय करने की आवश्यकता है। एसपी ने भी राजस्व एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को जिले में लॉ एंड आर्डर बनाये रखने के लिए आपसी सहयोग और संयुक्त निरीक्षण करते रहने के निर्देश दिए। 1 दिसंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी के संबंध में कलेक्टर श्री धावड़े ने अधिकारियों को अंतरराज्यीय बैरियर पर निगरानी और चेक पोस्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री सुखनाथ अहिरवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह, उप पुलिस अधीक्षक कविता ठाकुर, सभी अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं संयुक्त कलेक्टर उपस्थित थे।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्टेªट ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम का किया गठन –
कलेक्टर एवं जिला मजिस्टेªट ने जिले मे ंसोशल मीडिया में निगरानी रखने हेतु सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम का गठन किया है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम में अपर कलेक्टर श्री सुखनाथ अहिरवार अध्यक्ष, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व चिरमिरी श्री तुलसीदास मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनेन्द्रगढ़ श्री राकेश कुर्रे एवं जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी श्री सुखदेव पटेल सदस्य होगें। यह टीम विभिन्न प्रकार के संचार माध्यम सोशल मीडिया जिसमें फेशबुक व्हाटसएप, ट्वीटर, अन्य माध्यमों के निगरानी की कार्य करेगी।

Categorized in: