अंबिकापुर। दर्रीपारा में स्थित अग्रसेन सेवा सदन को आइसोलेशन सेंटर बनाने के पश्चात बरती जा रही घोर लापरवाही तथा व्याप्त अनियमितता के विरोध में कबीर वार्ड की जनता ने पार्षद तथा भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विश्व विजय सिंह तोमर के नेतृत्व में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए सांकेतिक रूप से विरोध प्रदर्शन किया।

अग्रसेन सेवा सदन को अस्पताल प्रबंधन द्वारा आइसोलेशन सेंटर बनाए जाने का निर्णय लेते हुए वहां पर मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। विरोध जताते हुए कबीर वार्ड के पार्षद विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि आइसोलेशन सेंटर में सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा जा रहा है, यहां गार्ड की तैनाती भी नही की गई है। दोनों गेट खुले रखे गए हैं। जो आम रास्ता के रूप में लोग उपयोग कर रहे हैं। आइसोलेशन में रखे मरीजों के नीचे उतरने से रोकने के लिए दरवाजा तक नहीं है तथा चिकित्सकीय सेवा में लगी बहनों के कमरे में भी दरवाजा नहीं है। आइसोलेटेड मरीजों द्वारा उपयोग की जाने वाली खाद्य तथा अन्य सामग्री भी बाहर फेंकने की लगातार शिकायत मिल रही है तथा सुबह उनके बाहर घूमने की भी जानकारी मिली है, जिसके कारण वार्ड तथा आसपास रहने वाले लोगों में भय व्याप्त है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र अति संवेदनशील क्षेत्र के रूप में जाना जाता है। मेडिकल कॉलेज अस्पतालए सखी वन स्टॉप सेंटर, तथा कई प्रकार के निजी लैब, सोनोग्राफी सेंटर होने के कारण अंबिकापुर शहर, जिले तथा जिले के बाहर के लोग भी यहां सुबह से आते रहते हैं इस पूरे क्षेत्र को संवेदनशील घोषित करते हुए नियमित रूप से सुबह सैनिटाइज करने की आवश्यकता है। पार्षद विश्वविजय सिंह तोमर ने कहा कि यदि 3 दिनों के भीतर लोगों के इस आशंका तथा डर को दूर करने के लिए सैनिटाइजेशन की व्यवस्था तथा सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए तो मजबूरी में वार्ड के लोगों के साथ हमें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस सांकेतिक विरोध प्रदर्शन में विरेंद्र सिंह बघेल, जमुना सिंह, सर्वेश तिवारी, अंशुल श्रीवास्तव उपस्थित थे। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. पीएस सिसोदिया ने कहा की शिकायत मिलते ही क्वारंटाइन सेंटर के नोडल अधिकारी को ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया हैं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस के विरिष्ठ अधिकारीयों को पत्र लिख कर क्वारंटाइन सेंटर में सुरक्षा बढाने की मांग की हैं।

Categorized in: