राजपुर ब्लॉक के बांटीडांड़ क्वारंटीन सेंटर में था मजदूर

राजपुर – बरियों. सरगुजा संभाग के ग्रीन जोन में शामिल बलरामपुर जिले में भी एक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। कोरोना पॉजिटिव युवा मजदूर 21 मजदूरों के साथ तेलंगाना से लौटा था। उसे बलरामपुर जिले के राजपुर-धौरपुर मार्ग स्थित बांटीडांड़ क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। इनमें से 6 लोगों का सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा गया था। वहां से आई रिपोर्ट में एक मजदूर के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इससे बलरामपुर जिले में भी हडक़ंप मच गया है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक व स्वास्थ्य अमला क्वारंटीन सेंटर पहुंचा और उसे कोविड-19 अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया।
सरगुजा संभाग के चार जिलों में अब तक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। इनमें से सभी दूसरे राज्यों से आए लोग हैं। ताजा मामला बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बांटीडांड़ स्थित क्वारंटीन सेंटर का है। दरअसल 13 मई को तेलंगाना से 22 मजदूर ट्रेन से बिलासपुर आए थे। इसके बाद सभी को बस से लाकर बलरामपुर जिले के राजपुर-धौरपुर के बीच स्थित बांटीडांड़ क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। इनमें से 6 संदिग्ध मजदूरों का सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा गया था। यहां से शुक्रवार की दोपहर आई रिपोर्ट में एक मजदूर के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की गई। मजदूर बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवाडीह का रहने वाला है। उसकी उम्र ३० वर्षीय है। प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से बांटीडांड़ क्वारंटीन सेंटर से एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया है।
कोविड अस्पताल अंबिकापुर में कराया गया भर्ती
एक मजदूर में कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि होने के बाद एसडीएम आरएस लाल, तहसीलदार सुरेश राय, बीएमओ डॉ. रामप्रसाद तिर्की, थाना प्रभारी फर्दीनंद कुजूद व अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी क्वारंटीन सेंटर पहुंचे। यहां से विशेष एंबुलेंस से उसे कोविड-19 अस्पताल अंबिकापुर ले जाया गया। यहां पहले से 5 मरीज का उपचार चल रहा है।

Categorized in: