अंबिकापुर. भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के ढाई वर्षों की विफलता पर शक्ति केन्द्रों में कार्यक्रम करेगी। यह निर्णय बुधवार को भाजपा जिला सरगुजा के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक में लिया गया। गूगल मीट पर आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुऐ भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने ढाई वर्षों के कार्यकाल में एक भी वादे पूरे नहीं किए हैं। भूपेश बधेल के नेतृत्व में बनी कांग्रेस सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है। इस विषय पर प्रदेश संगठन के आह्वान पर भाजपा जिला सरगुजा 12 जून को प्रेस वार्ता करेगी तथा 14-15 जून को प्रत्येक मंडल के 5 शक्ति केन्द्रों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिनमें कांग्रेस के घोषणा पत्र को सामने रखकर जनता से राय ली जाऐगी तथा प्रदेश सरकार की विफलता को जन संपर्क कर बताया जाऐगा। आगे उन्होंने बताया कि 16-17 जून को भी प्रकोष्ठों द्वारा जिला केन्द्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर भाजपा पिछड़ा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि प्रदेश के कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। गंगाजल लेकर कसमें खाने वाले लोग शराबबंदी तो दूर शराब की होम डिलीवरी करा रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने कहा कि प्रदेश सरकार की एक भी योजना सफल नहीं है। नरवा घुरवा गरवा बारी योजना के गौठानों की हालत बदतर है। हैंडपंप खुद नहीं रहे, केन्द्र सरकार की गरीब कल्याण योजना का चावल भी गायब है। आम जनता त्रस्त है। ढाई साल बाद इस सरकार का जाना तय है।

Categorized in: