0 कल से होने वाली शादियों पर प्रतिबंध, दी गई अनुमति भी निरस्त

0 आदेश के उल्लंघन पर कार्रवाई निश्चित

चंचलेश श्रीवास्तव – सूरजपुर। कोरोना संक्रमण की रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए पिछले 25 दिनों से जिले को लॉक किये जाने का भी कोई खासा असर देखने को नहीं मिला। आय दिन संक्रमितों के मिलने की संख्या में जहां इजाफा हो रहा है वहीं मौत का सिलसिला भी दिन प्रतिदिन बेकाबू होता जा रहा है। जिला प्रशासन के लाख प्रयास के बावजूद लोगो का बेरवाहो की तरह घूमना जहां जारी है। वहीं शहरी क्षेत्र में तो लोग वैवाहिक कार्यक्रमो में शासन के द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन कर रहे है और संक्रमण की स्थिति को देखते हुए लोगो ने खुद से वैवाहिक कार्यक्रमो को स्थगित कर दिया है। मगर ग्रामीण क्षेत्रो में सम्पन्न हो रही शादियों में कोरोना गाईड लाईन व दिशा निर्देशो का कोई असर देखने को नहीं मिल रहा था और कार्यक्रमो में भीड़ बदस्तूर जारी रहा। जिसके कारण शहर की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रो से बड़ी संख्या में संक्रमित सामने आ रहे है। अब जब जिले की स्थिति बेकाबू होती जा रही है तो प्रशासन कड़ाई का रुख अख्तियार करने की दिशा में पहल करने के लिए आगे आया है और कलेक्टर रणबीर शर्मा ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने जिले में कोरोना संक्रमण के निरंतर हो रही बढ़ोत्तरी को ध्यान में रखते हुए रविवार से जिले में आयोजित होने वाली शादियों को आगामी आदेश तक के लिए निरस्त करने का निर्देश दिया हैं। निर्देशो की अवहेलना पर कार्रवाई की सख्त लहजे में चेतावनी दी गई है। कलेक्टर ने जिले में सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदार द्वारा जितनी भी शादी की अनुमति दी गई है, उनमें से शनिवार को आयोजित होने वाली शादी को छोड़कर रविवार से आयोजित होने वाली समस्त शादियों की अनुमति तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा है। उन्होंने इस आशय का लिखित में आदेश भी जारी कर संबंधित से पावती अनिवार्य रूप से प्राप्त करने को कहा है। कलेक्टर ने आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही भी करने निर्देशित किया है।

0 सात व्यक्ति ही होंगे शामिल

7 व 8 मई को सम्पन्न होने वाले वैवाहिक कार्यक्रम वर अथवा वधु के निवास में आयोजित हो सकेगा। जिसमे सात व्यक्तियों जिसमे दूल्हा, दुल्हन व उनके माता पिता व पुरोहित ही शामिल हो सकेंगे।

0 नियमों का उल्लंघन करने पर दो दुकानें सील

जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा कोरोना संक्रमण के रोकथाम बचाव एवं उसके फैलाव को रोकने के लिए आम नागरिकों को निरंतर जागरूक कर रहा है। लेकिन कुछ नागरिकों के द्वारा कोरोना के नियमों के गाईडलाइन एवं जिले में लगे लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा इस पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। शुक्रवार को नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐसे ही दो दुकानों को सील कर दिया गया है। जिनमे नगर के भैयाथान रोड स्थित गुप्ता स्टील और अनुष्का गारमेंट्स शामिल है। बताया गया है कि दोनों दुकानदार हाफ शटर खोलकर ग्राहकों को समान बेच रहे थे। जिस पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों दुकान को सील कर दिया गया है। कार्रवाई में तहसीलदार नंदजी पांडे, नायाब तहसीलदार ओपी सिंह, थाना प्रभारी बसंत खलखो व नगरपालिका तथा पुलिस अमला शामिल रहा।

Categorized in: