0 लोगो को आगाह करने निकाला फ्लैग मार्च

0 बड़ी संख्या में पुलिस जवानों ने किया कदमताल

चंचलेश श्रीवास्तव सूरजपुर। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में रविवार को चिलचिलाती धूप में जिला प्रशासन के अधिकारी व पुलिस जवानों ने फ़्लैग मार्च निकालकर लोगो को जागरूक किया। वहीं ऐसे लोगो को कड़ा संदेश भी दिया जो प्रशासन के द्वारा बार बार की जा रही अपील के बावजूद भी अपने आप को तुर्रमखां समझते हुए बेशर्मी की हद पार कर उन निर्देशो की अवहेलना कर रहे है जो उनके व उनके परिवार की सुरक्षा के लिए दिए गए है। ऐसे बेपरवाह लोगो पर अब प्रशासन ने भी कड़ा रुख अख्तियार करने का न केवल मन बना लिया है। बल्कि उस पर कड़ाई से कार्रवाई भी शुरू कर दी है। संक्रमण के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने वर्तमान में सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक दुकानों का खुलने का समय निर्धारित करने का आदेश पूर्व में जारी किया है। ताकि कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को रोका जा सके और जिले के लोगो को इस महामारी के संक्रमण से बचाया जा सके। इस आदेश का पालन कराने एवं कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम, बचाव, आमजनों को जागरूक करने रविवार को चिलचिलाती धूप में जिले के मुखिया रणबीर शर्मा व पुलिस कप्तान राजेश कुकरेजा जिले के कोरोना योद्धा जाबाज अफसरों व बड़ी संख्या में पुलिस जवानों के साथ शहर के मुख्य मार्गो सहित गली मोहल्लों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने फ्लैग मार्च में कोरोना वायरस से बचाव हेतु आवश्यक जानकारियां ध्वनि विस्तारक यंत्र से दी एवं शासन द्वारा जारी गाइड लाईन का पालन करते हुए आवश्यक एहतियात बरतने कहा।

0 हमारी जिम्मेदारी व आपका कर्तव्य है सहयोग करें- कलेक्टर

कलेक्टर रणबीर शर्मा ने पुनः लोगो से अपील करते हुए कहा कि कोरोना वायरस को लेकर शासन, प्रशासन, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के आदेशों एवं सुझावों का पालन करते हुए सहयोग करे। उन्होंने लोगो से किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, सभी को अपने घरों में रहने की समझाईश भी दी । कलेक्टर ने कहा कि हमारे साथ-साथ आमजनों का भी कर्तव्य है कि सतर्क व जागरूक रहकर कोरोना वायरस को फैलने से रोके और खुद सुरक्षित रहते हुए अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति अपनी जवाबदेही का निर्वहन कर इस कार्य में सहयोग करें।

0 आपदा की इस घड़ी में दे जिम्मेदारी का परिचय- पुलिस कप्तान

*पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा ने कहा कि हमे आपकी चिंता है कृपया आप खुद भी अपनी चिंता करें। पुलिस, प्रशासन एवं स्वास्थ्य अमले के अधिकारी कोरोना वायरस की रोकथाम व बचाव को लेकर निरंतर कार्य कर रहे है। इस आपदा की घड़ी में सहयोग करते हुए संक्रमण फैलने से रोकने में अपनी महती भूमिका अदा करें। पुलिस अधीक्षक ने थाना-चौकी में आने वाले फरियादियों के लिए सेनेटाइजर की व्यवस्था सुनिश्चित कराने, शासन-प्रशासन के आदेश निर्देश का पालन सुनिश्चित कराने और लोगों से शालीनतापूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस के अधिकारी व जवानों को संक्रमण से बचते हुए मुस्तैदी से ड्यूटी करने को कहा है।

*0 बेपरवाह लोगो पर निगाह रखने शहर में कैम्प

फ्लैग मार्च के बाद कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने नगर के सुभाष चौक पर कुछ देर कैम्प कर दुकानदार व नागरिकों के द्वारा सोशल डिस्टेसिंग, मास्क पहनी जा रही है अथवा नहीं, दुकाने समय पर बंद हुई या नहीं इसे देखा। इस दौरान मास्क न पहनने वाले लोगों पर नगर पालिका की टीम ने चालानी कार्यवाही भी किया।
फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, संयुक्त कलेक्टर शिव बनर्जी, रक्षित निरीक्षक भुपेन्द्र कुर्रे, कोतवाल बसंत खलखो, थाना प्रभारी जयनगर दीपक पासवान, थाना प्रभारी विश्रामपुर सुभाष कुजूर, यातायात प्रभारी आर.सी.राय, तहसीलदार नंदजी पाण्डेय सहित काफी संख्या में पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

Categorized in: