रायपुर  02 नवम्बर 2020     मुख्यमंत्र भूपेश बघेल की मंशा अनुरूप छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा महिला विरूद्ध घटित होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्यवाही की जा रही है। पुलिस मुख्यालय स्तर पर महिला विरूद्ध अपराधों की सतत निगरानी स्वयं पुलिस महानिदेशक प्रतिदिन कर रहे हैं। इसी का परिणाम है कि बस्तर जिले के बोधघाट थाना अंतर्गत दुष्कर्म के एक मामले में पुलिस द्वारा 07 दिनों के अंदर जाँच पूरी कर न्यायालय में चालान पेश कर मिसाल कायम की है। पुलिस महानिदेशक श्री डी एम अवस्थी ने प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करने पर बस्तर पुलिस अधीक्षक श्री दीपक झा, नगर पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार के कार्य की प्रशंसा की है, साथ ही उक्त प्रकरण में उल्लेखनीय योगदान हेतु थाना प्रभारी बोधघाट श्री राजेश मरई एवं सहायक उप निरीक्षक श्रीमती इंदु शर्मा को एक-एक हजार रूपये नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है। श्री अवस्थी ने कहा है कि छत्तीसगढ़ पुलिस महिलाओं को जल्द से जल्द न्याय दिलाने हेतु सदैव तत्पर है, आगे भी महिला विरूद्ध अपराधों में इसी गति से पुलिस द्वारा कार्य किया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि बस्तर जिले के बोधघाट में 22 अक्टूबर को 3 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस द्वारा कुछ घंटों में ही आरोपी को गिरफ्तार कर 07 दिनों के अंदर जाँच पूरी करके न्यायालय में चालान पेश कर दिया गया।
दुष्कर्म के मामले में बस्तर संभाग में 07 दिन के अंदर चालान पेश करने का यह पहला मामला है। पीड़ित परिवार के लोगों ने बस्तर पुलिस द्वारा तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करने पर प्रशंसा व्यक्त की है। 

Categorized in: